0 गहने गलाकर बदला था स्वरूप
दुर्ग। दुर्ग के सुंदर नगर में डॉक्टर के बंद मकान से करीब एक करोड़ रुपये की चोरी के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मामले में 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 47 लाख 64 हजार रुपये नकद, सोने-चांदी के आभूषण, एक कार और अन्य सामान सहित करीब एक करोड़ रुपये की संपत्ति बरामद करने का दावा किया है। चोरी के गहनों को भट्ठी में गलाकर उनका स्वरूप बदल दिया गया था। वहीं, कुछ नकदी और आभूषण घर के फर्श के नीचे गड्ढा खोदकर छिपाए गए थे। मामले का कथित मास्टरमाइंड राहुल बंसोड़ अभी फरार है।
👉परिवार के बाहर जाते ही बंद मकान में हुई चोरी

मामला वैशाली नगर थाना क्षेत्र के सुंदर नगर का है। पुलिस के मुताबिक, डॉक्टर नमिता मित्तल 17 अक्टूबर को परिवार के साथ घर में ताला लगाकर एक सप्ताह के लिए बाहर गई थीं। 23 अक्टूबर की सुबह लौटने पर उन्हें घर की अलमारी से नकदी और सोने, चांदी तथा हीरे के आभूषण गायब मिले। चोरी गए सामान की कीमत करीब एक करोड़ रुपये आंकी गई। शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज और संदिग्ध गतिविधियों की जांच शुरू की।
👉यूपी में बदल रहे थे ठिकाने, नाव से कर रहे थे आवाजाही
जांच के दौरान पुलिस को राहुल बंसोड़ की भूमिका का पता चला। उसकी तलाश में महाराष्ट्र के गोंदिया और नागपुर में दबिश दी गई। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों से आरोपियों की मौजूदगी उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर और भदोही में सामने आई। पुलिस के अनुसार, आरोपी प्रयागराज और मिर्जापुर के बीच लगातार ठिकाने बदल रहे थे और पुलिस से बचने के लिए गंगा नदी के एक किनारे से दूसरे किनारे तक नाव से आवाजाही कर रहे थे।
👉फर्श के नीचे छिपाई नकदी, भट्ठी में गलाए गहने
पुलिस ने चोरी में शामिल प्रदीप कुमार चौधरी को गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर नकदी और सोने के आभूषण बरामद किए गए। पुलिस का कहना है कि उसने अपने हिस्से का सामान घर के कमरे में फर्श के नीचे गड्ढा खोदकर छिपाया था। पूछताछ में उसने बताया कि सोने के कुछ आभूषण भदोही के वैष्णवी ज्वेलर्स संचालक सोनू जायसवाल को कम कीमत पर बेचे थे। आरोप है कि ज्वेलर्स ने गहनों को भट्ठी में गलाकर उनका स्वरूप बदल दिया। प्रदीप के रिश्तेदार सुजीत सिंह उर्फ बाबू पर भी चोरी के आभूषणों की बिक्री कराने और आरोपियों की मदद करने के बदले लाखों रुपये लेने का आरोप है।
👉चोरी की रकम से खरीदी कार और बाइक
पुलिस जांच के मुताबिक, राहुल बंसोड़ भिलाई से फरार होकर गोंदिया, नागपुर, मिर्जापुर और प्रयागराज होते हुए दिल्ली पहुंचा था। वहां उसने कथित तौर पर चोरी की रकम से सेकंड हैंड कार खरीदी। कार का नंबर DL-10-N-1411 बताया गया है। बाद में वह कार लेकर भिलाई लौट आया। वहीं, प्रदीप ने चोरी की रकम से करीब एक लाख रुपये की सुपर स्प्लेंडर बाइक खरीदी थी। चोरी के पैसों से घर में बोरिंग, मरम्मत और मोटर पंप लगाने में भी रकम खर्च की गई।
👉मास्टरमाइंड राहुल बंसोड़ अब भी फरार
पुलिस ने अब तक 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर करीब एक करोड़ रुपये की संपत्ति बरामद करने की जानकारी दी है। हालांकि, मामले का कथित मास्टरमाइंड राहुल बंसोड़ अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। उसकी तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
