CG : कान दर्द की तकलीफ के साथ श्री राम केयर हॉस्पिटल पहुंची महिला की एंजियोप्लास्टी के बाद मौत ,परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप ,किया हंगामा …

बिलासपुर।छत्तीसगढ़ के बिलासपुर स्थित श्रीराम केयर हॉस्पिटल में एक महिला की मौत के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा किया। मृतका की पहचान सुखम बाई साहू के रूप में हुई है। परिजनों का आरोप है कि महिला कान में दर्द की शिकायत लेकर अस्पताल पहुंची थी, लेकिन डॉक्टरों ने हृदय में ब्लॉकेज बताकर एंजियोप्लास्टी की। उपचार के बाद महिला की अस्पताल में ही मौत हो गई।

घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन और चिकित्सकों पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।

👉इलाज के दौरान महिला की मौत से मचा हंगामा

पूरा मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र के नेहरू नगर स्थित श्रीराम केयर हॉस्पिटल का है। जानकारी के मुताबिक, सुखम बाई साहू कान में दर्द की शिकायत लेकर इलाज कराने अस्पताल पहुंची थीं। परिजनों का कहना है कि जांच के दौरान उन्हें हृदय में ब्लॉकेज होने की जानकारी दी गई और इसके बाद एंजियोप्लास्टी की गई। उपचार के बाद महिला की मौत हो गई।

👉परिजनों ने डॉक्टरों और अस्पताल प्रबंधन पर उठाए सवाल

महिला की मौत के बाद आक्रोशित परिजनों ने रविवार को अस्पताल परिसर में हंगामा किया। उन्होंने इलाज में शामिल चिकित्सकों और अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया। परिजनों ने सवाल उठाया कि कान में दर्द की शिकायत लेकर पहुंची महिला का इलाज हृदय की एंजियोप्लास्टी तक कैसे पहुंचा और उपचार के बाद उनकी मौत किन परिस्थितियों में हुई।

👉अस्पताल प्रबंधन ने आरोपों को बताया गलत

परिजनों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। वहीं, अस्पताल प्रबंधक ने परिजनों की ओर से लगाए गए आरोपों को गलत बताया है। फिलहाल मामले में इलाज की प्रक्रिया और महिला की मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हुई है।