CG : ठगों ने SECL के रिटायर्ड डिप्टी GM को बनाया निशाना,की 66 लाख की ठगी instagram पर युवती से US ट्रेंडिंग में निवेश का दिया था झांसा …

बिलासपुर । छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में साइबर ठगी का बड़ा मामला सामने आया है। अमेरिकी शेयर बाजार में ट्रेडिंग कर मोटा मुनाफा कमाने का लालच देकर ठगों ने एसईसीएल के सेवानिवृत्त डिप्टी जनरल मैनेजर से 66 लाख रुपये ऐंठ लिए। आरोप है कि इंस्टाग्राम पर संपर्क में आई एक युवती ने खुद को गुरुग्राम की कंपनी में वित्त प्रबंधक बताकर निवेश के लिए भरोसे में लिया। मुनाफे की रकम निकालने के नाम पर अग्रिम टैक्स मांगे जाने पर पीड़ित को ठगी का संदेह हुआ।

👉Instagram से शुरू हुई बातचीत, ट्रेडिंग का दिया भरोसा

शिकायत के अनुसार, अशोक नगर बिरकोना रोड निवासी 63 वर्षीय कुलदीप सिंह ठाकुर नवंबर 2022 में एसईसीएल के विद्युत यांत्रिकी विभाग से डिप्टी जीएम के पद पर सेवानिवृत्त हुए थे। 2 जून 2026 को सुबह करीब 9:30 बजे इंस्टाग्राम के माध्यम से उनकी तनिशा ठाकुर नाम की युवती से पहचान हुई।

इसके बाद दोनों के बीच मोबाइल और वॉट्सऐप पर बातचीत होने लगी। युवती ने खुद को आगरा का निवासी और गुरुग्राम की डेलाइट कंपनी में वित्त प्रबंधक बताया। बातचीत के दौरान कुलदीप सिंह ने शेयर बाजार और म्यूचुअल फंड में पहले हुए नुकसान की जानकारी दी। इसी का फायदा उठाकर युवती ने उन्हें अमेरिकी बाजार में ट्रेडिंग करने की सलाह दी और अधिक मुनाफा दिलाने का भरोसा दिया।

👉ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए कराया निवेश

आरोप है कि युवती ने उन्हें ट्रेडिंग के लिए एक ऑनलाइन प्लेटफॉर्म डाउनलोड कराया। इसके बाद उसी प्लेटफॉर्म के माध्यम से निवेश करने के लिए प्रेरित किया। युवती द्वारा बताए गए बैंक खातों में पीड़ित ने अपने एक्सिस बैंक खाते से आरटीजीएस के जरिए छह अलग-अलग किश्तों में रकम भेजी।

👉6 किश्तों में ट्रांसफर किए 66 लाख रुपये

पीड़ित के मुताबिक, अलग-अलग तारीखों पर भेजी गई रकम का विवरण इस प्रकार है:

27 जुलाई 2026 – 17 लाख रुपये

27 अगस्त 2026 – 10 लाख रुपये

3 सितंबर 2026 – 10 लाख रुपये

8 सितंबर 2026 – 4 लाख रुपये

18 सितंबर 2026 – 10 लाख रुपये

21 सितंबर 2026 – 15 लाख रुपये

इस तरह कुल 66 लाख रुपये निवेश के नाम पर ट्रांसफर किए गए।

👉मुनाफा निकालने के लिए मांगा टैक्स, तब हुआ शक

कुलदीप सिंह ने जब ट्रेडिंग से मिली लाभांश की रकम निकालने की बात कही, तो उनसे टैक्स के नाम पर पहले अतिरिक्त राशि जमा करने को कहा गया। इस मांग के बाद उन्हें पूरे मामले में धोखाधड़ी की आशंका हुई। इसके बाद उन्होंने साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई।

👉रेंज साइबर थाने में दिया आवेदन

पीड़ित ने 30 अक्टूबर को रेंज साइबर थाने में लिखित आवेदन देकर इंस्टाग्राम आईडी, संबंधित मोबाइल नंबरों और ऑनलाइन ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म के जरिए ठगी किए जाने की शिकायत की है। आवेदन में साइबर हेल्पलाइन शिकायत का पावती क्रमांक भी दिया गया है। पुलिस से मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच और कार्रवाई की मांग की गई है