KORBA : नौकरी की लालच में कोरबा की युवती म्यामार पहुंची ,बनाई गई बंधक,बरगलाने वाली आरोपी महिला गिरफ्तार …

कोरबा । छत्तीसगढ़ के कोरबा की एक युवती विदेश में नौकरी पाने के लालच में साइबर ठगी करने वाले गिरोह के जाल में फंस गई। फेसबुक पर बैंकॉक में ऑफिस असिस्टेंट की नौकरी का विज्ञापन देखकर युवती ने संपर्क किया था। उसे हर महीने करीब 30 हजार थाई बात वेतन देने का लालच दिया गया।

आरोप है कि युवती को पहले बेंगलुरु बुलाया गया और फिर फ्लाइट से थाईलैंड ले जाया गया। वहां से सीमा पार कराकर उसे म्यांमार के कुख्यात केके पार्क पहुंचा दिया गया। वहां पहुंचते ही उसका पासपोर्ट छीन लिया गया और उसे बंधक बना लिया गया।

पीड़िता के मुताबिक, उसके साथ मारपीट और प्रताड़ना की गई। इतना ही नहीं, उसे फर्जी सोशल मीडिया आईडी बनाने और ऑनलाइन ट्रेडिंग व निवेश के नाम पर भारतीय लोगों से ठगी करने के लिए मजबूर किया गया।नक्शे देखें

हालांकि, युवती किसी तरह भारतीय दूतावास और स्थानीय प्रशासन की मदद से सुरक्षित भारत लौटने में कामयाब रही। इसके बाद उसने कोरबा के दर्री थाने में शिकायत दर्ज कराई।

मामले की जांच के दौरान पुलिस को महाराष्ट्र के गोंदिया की रहने वाली स्नेहा भथलाल बडोले नाम की महिला की संलिप्तता के साक्ष्य मिले। इसके आधार पर पुलिस ने 35 वर्षीय आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है। उसे न्यायालय में पेश करने के बाद रिमांड पर लिया गया है।

पुलिस के मुताबिक, मामले में BNS की धारा 143(2) और 146 के तहत अपराध दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।

वहीं, कोरबा पुलिस ने लोगों से अपील की है कि विदेश में नौकरी के नाम पर मिलने वाले अनजान ऑफर्स की अच्छी तरह जांच करें। बिना सत्यापन के किसी व्यक्ति या विज्ञापन पर भरोसा न करें।