जगदलपुर जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कोड़ेनार थाना में पदस्थ महिला प्रधान आरक्षक को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि महिला प्रधान आरक्षक जब्त ट्रैक्टर के दस्तावेज उपलब्ध कराने और वाहन को सुपुर्दनामा पर छोड़ने के एवज में रिश्वत के लिए 10 हजार रूपये की रिश्वत की मांग की थी। शिकायत के बाद एसीबी की टीम ने ये कार्रवाई की है।

जानकारी के मुताबिक ग्राम कोड़ेनार निवासी बंगालू यादव ने शिकायत दर्ज कराई थी कि वर्ष 2025 में ट्रैक्टर-ट्रॉली से जुड़े एक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गयी थी। हादसे के बाद पुलिस ने उसका ट्रैक्टर जब्त कर लिया था। मामले की जांच प्रधान आरक्षक पिलेश्वरी साहू के पास थी। शिकायतकर्ता का आरोप था कि ट्रैक्टर से जुड़े दस्तावेज देने और वाहन को सुपुर्दनामा पर छोड़ने के लिए प्रधान आरक्षक ने 10 हजार रुपये रिश्वत की मांग कर रही थी। जिससे परेशान होकर बंगालू यादव ने इस पूरे मामले की एसीबी में कर दी।
शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने मामले का सत्यापन कराया, जिसमें रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। इसके बाद गुरुवार को एसीबी की टीम ने जाल बिछाया। शिकायतकर्ता जैसे ही आरोपी महिला प्रधान आरक्षक को 10 हजार रुपये देने पहुंचा और उसने रकम स्वीकार की, पहले से तैनात एसीबी अधिकारियों ने उसे रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। एसीबी ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
