CG : खम्हारडीह थाने में 18 घण्टे बाद खत्म हुआ कांग्रेस का धरना, बोले PCC चीफ बैज – 1 हफ्ते में BJP नेताओं पर दर्ज होगी FIR …

रायपुर। भाजपा नेताओं पर कार्रवाई की मांग को लेकर खम्हारडीह थाने में पिछले करीब 18 घंटे से जारी कांग्रेस का धरना अब समाप्त होने जा रहा है। पुलिस अधिकारियों ने कांग्रेस की शिकायत पर सात दिनों के भीतर जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

इसके बाद पार्टी नेतृत्व ने धरना समाप्त करने का फैसला लिया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज गुरुवार रात से थाने परिसर में धरने पर बैठे थे। उनके साथ एआईसीसी सचिव एस. संपत, जरिता लेटलांग, मलकीत सिंह गेंदू, सुशील आनंद शुक्ला, एजाज ढेबर, पंकज शर्मा, श्री कुमार मेनन, पप्पू बंजारे सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कांग्रेस का आरोप है कि राजीव भवन घेराव के बाद पुलिस ने केवल कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर कार्रवाई की, जबकि प्रदर्शन में शामिल भाजपा नेताओं के खिलाफ कोई मामला दर्ज नहीं किया गया। पार्टी ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, मंत्री ओ.पी. चौधरी और विधायक राजेश मूणत सहित अन्य नेताओं पर भी कार्रवाई की मांग की थी।

देर रात से शुक्रवार सुबह तक थाने में धरना जारी रहा। पुलिस की ओर से 7 दिन के भीतर शिकायत की जांच और उचित कार्रवाई का भरोसा मिलने के बाद कांग्रेस ने धरना समाप्त करने पर सहमति जताई।