KORBA :इंडस्ट्रियल एरिया स्थित कोल पिच कार्बन फैक्ट्री में जोरदार धमाके के साथ विस्फोट,भीषण आग ,धुएं के गुब्बार से मचा हड़कम्प, पूरा इलाका सील …

कोरबा। जिले के औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक कोल पिच कार्बन फैक्ट्री में शनिवार को हुए जोरदार धमाके के बाद भीषण आग लग गई। विस्फोट इतना तेज था कि उसकी आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी। कुछ ही मिनटों में आग ने फैक्ट्री के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। आसमान में उठती आग की ऊंची लपटें और काले धुएं का घना गुबार कई किलोमीटर दूर से दिखाई देने लगा, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

घटना के समय फैक्ट्री में मजदूर काम कर रहे थे। हादसे के बाद तत्काल उन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने बताया कि घटना में सभी मजदूर सुरक्षित हैं और किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली है।

👉ट्रक भी आग की चपेट में आया

आग इतनी तेजी से फैली कि फैक्ट्री परिसर में खड़ी एक ट्रक भी उसकी चपेट में आ गई। इससे आग ने और विकराल रूप धारण कर लिया। सूचना मिलते ही पुलिस, नगर निगम, सीएसईबी और अन्य विभागों की दमकल टीमें मौके पर पहुंचीं। कई दमकल वाहन लगातार आग बुझाने में जुटे हुए हैं और हालात पर काबू पाने के प्रयास जारी हैं।

👉सुरक्षा के लिए पूरा क्षेत्र किया गया सील

आग की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियात के तौर पर पूरे घटनास्थल को सील कर दिया है। फैक्ट्री के आसपास आम लोगों के प्रवेश और वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है। पुलिस ने बैरिकेडिंग कर सुरक्षा घेरा बनाया है, ताकि राहत एवं बचाव कार्य में किसी प्रकार की बाधा न आए।

👉घटनास्थल पर उमड़ी लोगों की भीड़

भीषण आग और आसमान में उठते धुएं के गुबार की सूचना मिलते ही आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल की ओर पहुंचने लगे। हालात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस लगातार लोगों को सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील कर रही है और पूरे क्षेत्र में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किया गया है।

👉आग लगने के कारणों की होगी जांच

फिलहाल आग लगने के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। प्रशासन का पूरा फोकस पहले आग पर नियंत्रण पाने और किसी बड़े नुकसान को रोकने पर है। आग बुझने के बाद विशेषज्ञों की टीम घटना के कारणों की जांच करेगी।