0 अव्यवस्थाओं के त्वरित निदान के लिखित आश्वासन पर हटे, प्रशासनिक जांच के बीच हफ्ते भर के भीतर दूसरी बार प्रदर्शन से उठे सवाल,उकसावे के आसार ?
हसदेव एक्सप्रेस न्यूज कोरबा । जिले के छुरी स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय (EMRS) में छात्रों का विद्यालय प्रबंधन के खिलाफ विरोध,गतिरोध नहीं थम रहा । प्रशासन जांच के बीच उकसावे के शिकार बेसब्र छात्रों का कथित अव्यवस्थाओं को लेकर आक्रोश शनिवार को सड़क पर फूट पड़ा। विद्यालय के प्राचार्य और अधीक्षिका को तत्काल हटाने और छात्रावास की समस्याओं के त्वरित लिखित समाधान की मांग को लेकर छात्रों ने कोरबा-कटघोरा मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। घण्टों तक हुए चक्काजाम से मार्ग के दोनों छोर सैकड़ों वाहनों के पहिए थम गए । चक्काजाम की सूचना मिलते ही एसडीएम टी आर भारद्वाज ,तहसीलदार एवं राजस्व अमले के साथ तत्काल मौके पर पहुंच गए। एसडीएम ने सहायक आयुक्त श्रीकांत कसेर की मौजूदगी में छात्रों की समस्याओं मांगों को सुनकर शीघ्र निदान का लिखित आश्वासन दिया तब जाकर आंदोलनरत छात्र मुख्य मार्ग से उठे और यातायात व्यवस्था बहाल हो सकी। मौके की नजाकत को देखते हुए तहसीलदार अभी भी मौके पर डटे हुए हैं। सहायक आयुक्त आज ही प्रकरण में जिला प्रशासन को जांच प्रतिवेदन भेजने की तैयारी में जांच दल के साथ जुटे हुए हैं।

जानकारी अनुसार आज सुबह 7 बजें के लगभग एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय छुरीकला के छात्र अपने क्लासरूम में जाने की जगह सीधे सड़कों पर उतर आये और कोरबा-कटघोरा मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर धरने पर बैठ गये। प्रदर्शन में शामिल छात्रों और उनके परिजनों ने आरोप लगाया कि विद्यालय में लंबे समय से कई समस्याएं बनी हुई हैं, लेकिन बार-बार शिकायत करने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। उन्होंने प्राचार्य अहमद खान को तत्काल हटाने और छात्रावास की व्यवस्थाओं में सुधार की मांग की।
छात्रों ने आरोप लगाया कि छात्रावास में परोसे जाने वाले भोजन की गुणवत्ता बेहद खराब है। उनका कहना है कि कई बार खाने में कीड़े मिलने की शिकायत भी सामने आई है। इसके अलावा छात्रावास अधीक्षक पर छात्रों के साथ अभद्र व्यवहार करने का भी आरोप लगाया गया। छात्रों का कहना है कि विद्यालय में मूलभूत सुविधाओं का भी अभाव है, जिससे उन्हें रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। छात्रों का कहना है कि यह पहली बार नहीं है जब उन्होंने अपनी मांगों को लेकर आवाज उठाई हो। कुछ दिन पहले भी उन्होंने कटघोरा विधायक की गाड़ी के सामने बैठकर विरोध प्रदर्शन किया था।
इसके बावजूद उनकी मांगों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, जिसके बाद उन्हें सड़क पर उतरकर चक्काजाम करना पड़ा। प्रदर्शन कर रहे छात्र इस बात पर अड़े रहे कि जब तक उनकी शिकायतों पर कार्रवाई का लिखित आश्वासन नहीं दिया जाएगा और मामले से कलेक्टर को अवगत नहीं कराया जाएगा, तब तक वे चक्काजाम समाप्त नहीं करेंगे। घटना की सूचना मिलने के बाद एसडीएम, कटघोरा पुलिस और आदिवासी विकास विभाग के सहायक आयुक्त मौके पर पहुंचे।एसडीएम टी आर भारद्वाज व सहायक आयुक्त श्रीकांत कसेर ने छात्रों और उनके परिजनों से चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनीं।लेकिन आंदोलनरत छात्र समस्याओं के निराकरण के लिखित आश्वासन पर अड़े रहे। एसडीएम की ओर से छात्रों को लिखित आश्वासन दिए जाने के बाद करीब डेढ़ घंटे बाद चक्काजाम समाप्त हुआ। इसके बाद मुख्य मार्ग पर यातायात व्यवस्था पुनः बहाल हो सकी । एसडीएम टी आर भारद्वाज मौके की नजाकत को देखते हुए अभी भी तहसीलदार और टीम रुकी हुई है। सहायक आयुक्त जांच दल के साथ आज ही प्रकरण में जांच प्रतिवेदन आवश्यक कार्रवाई हेतु कलेक्टर को सौंपने की तैयारी में जुटे हुए हैं। ताकि इस गतिरोध को तत्काल समाप्त कराया जा सके।
👉प्रशासनिक जांच के बीच छात्रों के पुनः प्रदर्शन से उकसावे के आसार ?
गौरतलब हो कि एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय छुरीकला के छात्रों ने इसी हफ्ते सोमवार 27 जुलाई को शाला प्रवेशोत्सव कार्यक्रम में पहुंचे क्षेत्रीय विधायक प्रेमचंद पटेल को कार्यक्रम से रवानगी के समय गाड़ी के सामने घेरकर विद्यालय के प्राचार्य एवं अव्यवस्था के खिलाफ शिकायत की थी। जिसमें भोजन की खराब गुणवत्ता ,पेयजल समस्या,नाश्ता, एवं प्राचार्य के द्वारा किए जा रहे अनुचित व्यवहार की बात प्रमुखता से रखी थी। छात्रों के अचानक किए गए इस प्रदर्शन को तमाम मीडिया ने भी प्रमुखता से स्थान दी थी।
कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी कुणाल दुदावत ने एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय छुरीकला में छात्रों द्वारा विद्यालय की व्यवस्थाओं एवं सुविधाओं से संबंधित प्राप्त गंभीर शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए 4 सदस्यीय जांच समिति गठित की है। समिति को प्रकरण की निष्पक्ष एवं तथयपरक जांच कर एक सप्ताह के भीतर अपना प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
गठित जांच समिति में सहायक आयुक्त आदिवासी विकास कोरबा, तहसीलदार कटघोरा, सहायक लेखा अधिकारी तथा कनिष्ठ लेखा अधिकारी (कार्यालय सहायक आयुक्त आदिवासी विकास, कोरबा) को सदस्य बनाया गया है। समिति विद्यालय में उपलब्ध व्यवस्थाओं, विद्यार्थियों को प्रदत्त सुविधाओं तथा शिकायतों से जुड़े सभी बिंदुओं की विस्तृत जांच करेगी।
कलेक्टर श्री दुदावत ने स्पष्ट किया है कि विद्यार्थियों के हितों एवं गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक वातावरण से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। शिकायतों की निष्पक्ष जांच के आधार पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।सहायक आयुक्त की अध्यक्षता में गठित जांच समिति जांच पूरी कर ही रही है कि प्रशासनिक जांच के बीच छात्रों का अचानक मुख्य मार्ग में सड़क पर बैठकर चक्काजाम करने की घटना ने कई तरह के कयासों को बल दे दिया है। कहीं न कहीं छात्रों के इस प्रदर्शन के पीछे पर्दे के पीछे से उकसावे के आसार हैं। पूरे प्रकरण में अव्यवस्था के साथ साथ प्राचार्य अहमद खान को केंद्र बिंदु टारगेट बनाया गया है,जिससे इसके आसार और बढ़ गए हैं। बहरहाल जांच प्रतिवेदन के बाद ही इन सब कयासों,अटकलों पर विराम लग सकेगा।
वर्जन
अव्यवस्थाओं के निदान का लिखित आश्वासन दिए हैं
भोजन की गुणवत्ता ,प्राचार्य एवं अन्य स्टॉफ के व्यवहार को लेकर छात्रों द्वारा प्रदर्शन किया जा रहा था। अव्यवस्थाओं के निदान का लिखित आश्वासन पर छात्र डटे थे उन्हें लिखित आश्वासन देकर मार्ग में यातायात व्यवस्था बहाल कर दी गई है। सहायक आयुक्त प्रकरण की जांच कर रहे हैं। आज ही जांच प्रतिवेदन कलेक्टर को सौंप दिया जाएगा।
टी आर भारद्वाज,एसडीएम कटघोरा
