ग्लास्गो । भारतीय मुक्केबाज अरुंधति चौधरी ने ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेलों में अपने शानदार प्रदर्शन को शनिवार को फाइनल मुकाबले में भी जारी रखा और गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया। महिलाओं के 70 किलो भारवर्ग को खिताबी मुकाबले में अरुंधति ने इंग्लैंड की चैंटली रीड को पटखनी देकर गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया।
भारत का यह ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेलों में बॉक्सिंग में पांचवां गोल्ड और छठा पदक है।

फाइनल मुकाबले में राजस्थान के कोटा की अरुंधति ने शानदार प्रदर्शन किया। पहला राउंड अरुंधति चौधरी ने 4-1 के अंतर से अपने नाम किया। दूसरे राउंड में उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया और अंपायरों ने 5-0 से फैसला उनके पक्ष में दिया। तीसरे और आखिरी राउंड में अरुंधति ने अपने दबदबे को बनाए रखा और गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया।
👉34 हुई भारत के पदकों की संख्या, चौथे पायदान पर पहुंचा
अरुंधति चौधरी के गोल्ड मेडल के साथ ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेलों में भारत के पदकों की संख्या 34 हो गई है। भारत की झोली में 11 गोल्ड, 15 सिल्वर और 8 कांस्य पदक आ चुके हैं। बॉक्सिंग रिंग में भारत के खाते में 5 गोल्ड और एक सिल्वर सहित कुल मेडल आ चुके है। चार गोल्ड मेडल मुकाबले अभी बाकी हैं। पदक तालिका में भारत चौथे पायदान पर पहुंच गया है। भारत अब पदकों के मामले में ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड और कनाडा से पीछे है।
