जांजगीर-चांपा । जांजगीर-चांपा जिले के शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला किरारी में बिलासपुर एसीबी की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए महिला प्रिंसिपल अंजुला सोनी और सहायक ग्रेड-3 कर्मचारी विकास मसीह को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। कार्रवाई की खबर सामने आते ही शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया।

बताया जा रहा है कि स्कूल में पदस्थ कर्मचारी के वेतन वृद्धि के एरियर की राशि निकालने के एवज में रिश्वत की मांग की गई थी। शिकायत मिलने के बाद बिलासपुर एसीबी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए शिकायत का सत्यापन किया और आरोपियों को पकड़ने के लिए जाल बिछाया। योजना के मुताबिक शिकायतकर्ता ने जैसे ही 10 हजार रुपये की रिश्वत की रकम दी।
पहले से मौजूद एसीबी की टीम ने मौके पर दबिश देकर प्रिंसिपल अंजुला सोनी और सहायक ग्रेड-3 विकास मसीह को रंगे हाथों पकड़ लिया। एसीबी की इस कार्रवाई के बाद स्कूल सहित शिक्षा विभाग में हड़कंप की स्थिति है। टीम ने दोनों आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में रिश्वत की मांग और लेन-देन से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
