CG : भाजपा नेत्री पर नौकरी दिलाने के नाम पर 5 लाख रुपए लेने का आरोप ,एक्शन में SP ,काउंसलर पद से नियुक्ति रद्द…

जांजगीर-चांपा।।छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में नौकरी दिलाने का झांसा देकर कथित रूप से 5 लाख रुपये लेने का मामला सामने आया है। इस मामले में परिवार परामर्श केंद्र की काउंसलर और भाजपा नेत्री संतोषी दुबे पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। शिकायत पुलिस अधीक्षक तक पहुंचने के बाद एसपी विजय कुमार पाण्डेय ने उनकी काउंसलर पद पर नियुक्ति तत्काल प्रभाव से रद्द कर दी है। वहीं, पूरे मामले की जांच डीएसपी को सौंपी गई है।

👉 5 जगह नौकरी दिलाने का दिया था भरोसा

शिकायत के अनुसार, कोरबा निवासी पारस जैन ने आरोप लगाया है कि संतोषी दुबे ने एक एनजीओ के माध्यम से पांच अलग-अलग स्थानों पर नौकरी दिलाने का आश्वासन दिया था। इस भरोसे पर कुल 5 लाख रुपये दिए गए, लेकिन काफी समय बीतने के बाद भी किसी को नौकरी नहीं मिली। शिकायतकर्ता का यह भी आरोप है कि रकम वापस मांगने पर भी भुगतान नहीं किया गया।

👉चेक से 1.50 लाख और सहयोगी को 3.50 लाख देने का दावा

पारस जैन की शिकायत में बताया गया है कि संतोषी दुबे को 1 लाख 50 हजार रुपये चेक के माध्यम से दिए गए थे। वहीं, उनके एक सहयोगी को 3 लाख 50 हजार रुपये भुगतान किए जाने का आरोप है। इस तरह नौकरी दिलाने के नाम पर कुल 5 लाख रुपये के लेन-देन का दावा किया गया है। फिलहाल इन आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

👉एसपी ने तत्काल रद्द की काउंसलर पद की नियुक्ति

शिकायत मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संतोषी दुबे की परिवार परामर्श केंद्र में काउंसलर के पद पर नियुक्ति समाप्त करने का आदेश जारी किया। वह महिला थाना परिसर में संचालित परिवार परामर्श केंद्र में काउंसलर के रूप में कार्यरत थीं। नियुक्ति रद्द करने की यह प्रशासनिक कार्रवाई है, जबकि कथित ठगी के आरोपों की जांच अलग से की जा रही है।

👉डीएसपी करेंगे लेन-देन और दस्तावेजों की जांच

मामले की निष्पक्ष जांच के लिए परिवार परामर्श केंद्र की प्रभारी एवं अजाक थाना के डीएसपी को जिम्मेदारी दी गई है। जांच के दौरान शिकायतकर्ता के दस्तावेजों, चेक से हुए भुगतान और कथित सहयोगी की भूमिका की पड़ताल की जाएगी। पुलिस यह भी पता लगाएगी कि नौकरी दिलाने के नाम पर हुए लेन-देन में किन-किन लोगों की संलिप्तता रही है।

👉जांच रिपोर्ट के बाद तय होगी आगे की कार्रवाई

पांच लाख रुपये के कथित लेन-देन से जुड़े इस मामले में अब पुलिस जांच के नतीजों पर नजर है। फिलहाल संतोषी दुबे के खिलाफ लगाए गए आरोप शिकायत पर आधारित हैं और उनकी सत्यता की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है। डीएसपी की जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई तय की जाएगी।