कोरबा। सोशल मीडिया पर छत्तीसगढ़ और यहां के मूल निवासियों के खिलाफ कथित रूप से अपमानजनक टिप्पणी करने तथा चप्पल से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। इंस्टाग्राम पर मधुबाला गिरी नाम की आईडी से वायरल हो रहे एक वीडियो को लेकर छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना ने कड़ी आपत्ति जताई है। संगठन ने इसे छत्तीसगढ़ियों के मान-सम्मान और स्वाभिमान पर चोट बताते हुए संबंधित महिला के खिलाफ अपराध दर्ज करने की मांग की है।

इस संबंध में छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के जिला अध्यक्ष अलेक्जेंडर टोप्पो के नेतृत्व में जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा गया है। ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि वायरल वीडियो में महिला कथित तौर पर बिहार के लोगों को डॉक्टर, इंजीनियर, आईएएस और आईपीएस बनने में आगे बताते हुए छत्तीसगढ़ की पहचान पर सवाल उठाती है। साथ ही छत्तीसगढ़ के लोगों के लिए आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करते हुए चप्पल से मारने और अपमानित करने की धमकी देती सुनाई दे रही है। संगठन का कहना है कि इस तरह की टिप्पणी केवल छत्तीसगढ़ के मूल निवासियों का अपमान नहीं है, बल्कि इससे क्षेत्रीय वैमनस्य और सामाजिक तनाव की स्थिति भी पैदा हो सकती है। सेना ने प्रशासन से वायरल वीडियो और संबंधित इंस्टाग्राम खाते की साइबर सेल के माध्यम से जांच कराने तथा कथित अपमानजनक टिप्पणी, गाली-गलौज और धमकी के मामले में सुसंगत कानूनी धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।
👉कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी
छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना ने चेतावनी दी है कि यदि मामले में शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो संगठन पूरे कोरबा जिले में सड़क पर उतरकर उग्र आंदोलन और प्रदर्शन करेगा। संगठन ने कहा कि यह मामला प्रदेश के करोड़ों लोगों की अस्मिता और स्वाभिमान से जुड़ा है, इसलिए प्रशासन को तत्काल संज्ञान लेकर उचित कानूनी कार्रवाई करनी चाहिए।
