कोरबा । शासकीय मिनीमाता कन्या महाविद्यालय, कोरबा में सोमवार को आयोजित दीक्षारंभ समारोह छात्राओं के लिए खास रहा। कार्यक्रम में नगर विधायक एवं कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन ने करीब 1500 नवप्रवेशित छात्राओं को एजुकेशन किट वितरित की। वहीं, जिले के अन्य शासकीय महाविद्यालयों में भी विद्यार्थियों की सुविधा के लिए विशाल डोम निर्माण की घोषणा की गई।
कार्यक्रम में महापौर संजू देवी राजपूत और कलेक्टर कुणाल दुदावत सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती और छत्तीसगढ़ महतारी के तैलचित्र पर पूजा-अर्चना के साथ हुई। इसके बाद अतिथियों ने नवप्रवेशित छात्राओं को एजुकेशन किट प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

मंत्री लखन लाल देवांगन ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि बेटियां दो कुलों का नाम रोशन करती हैं। उन्होंने कहा कि बेटियां जितना अधिक पढ़ेंगी, उतना ही परिवार, समाज, प्रदेश और देश सशक्त होगा। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के तहत विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण देने और उच्च शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से दीक्षारंभ कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। मंत्री ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में अधोसंरचना विकास को सरकार प्राथमिकता दे रही है। मिनीमाता कन्या महाविद्यालय में डीएमएफ के माध्यम से विशाल डोम की सौगात दी गई है। इसी तर्ज पर जिले के अन्य शासकीय महाविद्यालयों में भी विशाल डोम निर्माण की घोषणा की गई।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के वर्ष 2047 तक छत्तीसगढ़ को विकसित एवं समृद्ध राज्य बनाने के लक्ष्य में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। मंत्री ने कहा कि प्रदेश के विकास मॉडल के केंद्र में GYAN—गरीब, युवा, अन्नदाता और नारी हैं। युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक उद्योगों की जरूरत के अनुरूप कौशल और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए उच्च शिक्षा के क्षेत्र में मिशन मोड पर काम किया जा रहा है। मंत्री ने बताया कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के प्रभावी क्रियान्वयन के परिणामस्वरूप प्रदेश का सकल नामांकन अनुपात (GER) वर्ष 2021-22 के 19.6 प्रतिशत से बढ़कर वर्तमान में 27.5 प्रतिशत हो गया है।
👉डीएमएफ की प्राथमिकता में शिक्षा

कलेक्टर कुणाल दुदावत ने कहा कि जिले में डीएमएफ के कार्यों में शिक्षा को विशेष प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने बताया कि जिले का कोई भी छात्र-छात्रा देश के किसी भी शासकीय महाविद्यालय में अध्ययन करना चाहता है तो उसके लिए आवश्यक राशि उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में लगातार किए जा रहे प्रयासों का सकारात्मक असर दिखाई दे रहा है। बेहतर परीक्षा परिणाम के साथ उच्च शिक्षा में विद्यार्थियों की संख्या में भी लगातार वृद्धि हो रही है। मिनीमाता कन्या महाविद्यालय में 1500 छात्राओं को एजुकेशन किट का वितरण और जिले के अन्य शासकीय कॉलेजों में विशाल डोम निर्माण की घोषणा को उच्च शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। इससे छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक माहौल के साथ अतिरिक्त सुविधाएं मिलने की उम्मीद है।
