KORBA : छातीबहार में खेत देखने गए 2 बच्चों पर भालू ने किया हमला,एक को बुरी तरह नोंचा,दहशत में ग्रामीण …

कोरबा। लेमरू रेंज के ग्राम छातीबाहर में खेत देखने गए दो बच्चों पर जंगल से निकले भालू ने हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में दोनों बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद परिजनों ने दोनों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।

बताया जा रहा है कि गांव के मुकेश (7 वर्ष) और उसका भाई सोनू (12 वर्ष) खेत देखने गए थे। इसी दौरान जंगल की ओर से निकले भालू ने दोनों बच्चों पर हमला कर दिया। भालू ने मुकेश के चेहरे को बुरी तरह नोंच दिया, जिससे उसके चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं।
वहीं, उसके भाई सोनू के हाथ और जांघ में भालू के पंजे के निशान और चोटें आई हैं। दोनों बच्चों के घायल होने की सूचना के बाद परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां दोनों का उपचार जारी है।
घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने और भालू के हमले से बचाव के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।