0 चोटिया टोल प्लाजा के पास 2 ट्रेलरों में हुई थी टक्कर
0क्रेन ऑपरेटर और ईंधन की कमी से प्रभावित हुआ था कार्य
कोरबा। राष्ट्रीय राजमार्ग-130 के कटघोरा-अंबिकापुर मार्ग पर दुर्घटना के बाद राहत कार्य में देरी और परिचालन मानकों की अनदेखी करना संबंधित रखरखाव एजेंसी को भारी पड़ गया। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने एजेंसी मेसर्स रविंद्र सिंह आनंद पर 10 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है।

एनएचएआई के अनुसार, 12 अक्टूबर को तडक़े करीब 3 बजे चोटिया टोल प्लाजा के पास दो ट्रक-ट्रेलरों के बीच टक्कर हो गई थी। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाने में देरी के कारण राजमार्ग पर यातायात बाधित रहा। जांच के दौरान सामने आया कि घटना के समय एजेंसी का परियोजना प्रबंधक मौके पर मौजूद नहीं था। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाने के लिए क्रेन ऑपरेटर उपलब्ध नहीं था और रिकवरी उपकरणों में पर्याप्त ईंधन भी नहीं था। इसके अलावा, राष्ट्रीय राजमार्ग हेल्पलाइन 1033 पर बार-बार सूचना देने के बावजूद समय पर आवश्यक सहायता उपलब्ध नहीं कराई जा सकी। इन खामियों को दुर्घटना प्रबंधन, राजमार्ग पेट्रोलिंग और आपातकालीन सहायता संबंधी दायित्वों में लापरवाही मानते हुए एनएचएआई ने जुर्माने की कार्रवाई की। प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि राष्ट्रीय राजमार्गों पर सुरक्षित और सुचारु यातायात बनाए रखने के लिए दुर्घटना के समय त्वरित सहायता तथा आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता अनिवार्य है। निर्धारित मानकों की अनदेखी पर संबंधित एजेंसियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
