कोरबा। नवरात्र में मां बम्लेश्वरी के दर्शन के लिए डोंगरगढ़ जाने वाले कोरबा के श्रद्धालुओं को इस बार भी सीधी ट्रेन की सुविधा नहीं मिलेगी। 4 महीने से पूजा स्पेशल की मांग के बावजूद रेलवे ने हसदेव एक्सप्रेस में एक अतिरिक्त जनरल कोच लगाने का निर्णय लिया है। यह कोच रायपुर से 11 से 24 अक्टूबर और कोरबा से 12 से 25 अक्टूबर तक रहेगा।

कोरबा से डोंगरगढ़ जाने वाले यात्रियों को रायपुर में ट्रेन बदलनी होगी। नवरात्र के दौरान रोज सैकड़ों श्रद्धालुओं के डोंगरगढ़ जाने के बीच एक अतिरिक्त कोच को अपर्याप्त बताते हुए यात्रियों और रेल संघर्ष समिति ने पूजा स्पेशल चलाने अथवा हसदेव एक्सप्रेस का डोंगरगढ़ तक विस्तार करने की मांग की है। कोरबा से सुबह हसदेव एक्सप्रेस, पैसेंजर और मेमू लोकल चलती हैं। नवरात्र, दशहरा और दीपावली के दौरान इन ट्रेनों में भीड़ और बढऩे की संभावना है। पिछले वर्ष चलने वाली इतवारी-कोरबा मेमू स्पेशल भी इस बार नहीं चलाई गई है। यात्रियों का कहना है कि त्योहारी सीजन में अतिरिक्त ट्रेन की व्यवस्था जरूरी है।
