KORBA : शारदीय नवरात्रि में शक्ति आराधना में डूबे सलिहाभांठावासी,सप्तमी पर कालरात्रि की महाआरती में उमड़ा आस्था का सैलाब,मादर की थाप के साथ गरबा से की जा रही मां की स्तुति …

हसदेव एक्सप्रेस न्यूज कोरबा।पावन शारदीय (क्वांर)नवरात्रि में आस्था की बयार बह रही है। करतला विकासखण्ड के ग्राम पंचायत सलिहाभांठा में सार्वजनिक दुर्गोत्सव समिति द्वारा आयोजित दुर्गा पूजा में भी ग्रामवासी शक्ति आराधना में डूबे हैं।

बरपाली वाले आचार्य सुनील कुमार पांडेय द्वारा विधिविधान से मां की पूजा अर्चना आरती संपन्न कराई जा रही है। जिसमें संध्या आरती की थाल सजाकर नन्हीं बच्चियां , माताएं बहनें आस्थापूर्वक आरती में शामिल हो रही हैं।प्रतिदिन संध्या आरती उपरांत आस्थावान भक्तों का समूह मां जगदम्बा के प्रति सेवाभावना लिए भोग वितरण कराकर अपना जीवन धन्य बना रहे हैं। बड़ी संख्या में समस्त ग्रामवासी संध्या आरती में शामिल होकर भोग -प्रसाद ग्रहण कर रहे हैं। प्रतिदिन जसगीत से मां की आराधना की जा रही है।सप्तमी पर आस्था एवं उत्साह का बेजोड़ संगम देखने को मिला ।

जहां मां दुर्गा जी की सातवीं शक्ति कालरात्रि की माता के भक्तों ने महाआरती,जसगीत से आराधना स्तुति की,वहीं बच्चों ,माताओं-बहनों का समूह गरबा के माध्यम शक्ति की स्तुति में डूबे रहे। गरबा में शामिल सभी भक्तों का उत्साह देखते ही बन रहा था। गुजरात की पावन धरा से निकली मां दुर्गा की अराधना का माध्यम गरबा आज छत्तीसगढ़ के शहरों से होते हुए कोरबा के ग्रामीण अंचलों तक पहुंच गई है। जहां गरबा के माध्यम से माताभक्त मातारानी को रिझाने का प्रयत्न करते हैं। ग्राम पंचायत सलिहाभांठा में भी आस्था एवं उत्साह का यह संगम शारदीय नवरात्रि में देखते ही बन रहा।