रायपुर । छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में नवरात्रि के दौरान गरबा और डांडिया आयोजनों में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस ने विशेष रणनीति तैयार की है। अब गरबा पंडालों में महिला पुलिसकर्मी पारंपरिक गरबा ड्रेस पहनकर आम श्रद्धालुओं के बीच मौजूद रहेंगी। रायपुर पुलिस की पिंक पेट्रोल यूनिट सादे कपड़ों में निगरानी करते हुए छेड़छाड़, अभद्र व्यवहार और संदिग्ध गतिविधियों में शामिल लोगों पर नजर रखेगी।
👉गरबा खेलने वालों के बीच मौजूद रहेंगी महिला पुलिसकर्मी

रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने 17 अक्टूबर को इस विशेष सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी दी। योजना के तहत महिला पुलिसकर्मी गरबा और डांडिया कार्यक्रमों में सामान्य प्रतिभागियों की तरह मौजूद रहेंगी। इससे भीड़ का फायदा उठाकर महिलाओं और युवतियों को परेशान करने वाले लोगों की पहचान करने में मदद मिलेगी।
👉छेड़छाड़ और अभद्र टिप्पणी पर होगी कार्रवाई
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि गरबा पंडालों में महिलाओं के साथ छेड़छाड़, फब्तियां कसने, अभद्र टिप्पणी करने या अनावश्यक रूप से परेशान करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। महिला पुलिसकर्मी पंडालों के भीतर संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखेंगी।
बिना अनुमति आपत्तिजनक वीडियो बनाने वालों पर नजर
गरबा आयोजनों में महिलाओं की निजता का उल्लंघन करने वाली फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी पर भी पुलिस की नजर रहेगी। किसी महिला या युवती की आपत्तिजनक तस्वीरें अथवा वीडियो बनाकर उसे परेशान करने की शिकायत मिलने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
