CG: PM मोदी पर तंज ,इस्तीफा मांगने के भूपेश के बयान के बाद BJP का पोस्टर वार,’शीशे के घर में रहने वाले दूसरों पर पत्थर नहीं फेंकते ‘,कोयला और CGPSC घोटाले का भी जिक्र …

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजनीति में एक बार फिर राजनीतिक बयानबाजी और आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गई है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बयान के बाद भारतीय जनता पार्टी ने सोशल मीडिया पर पोस्टर जारी कर उन पर पलटवार किया है। भाजपा ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर साझा किए गए पोस्टर के जरिए बघेल के पूर्ववर्ती कार्यकाल को निशाने पर लिया और कोयला घोटाले तथा CGPSC घोटाले जैसे मुद्दे उठाए हैं। पोस्टर में भूपेश बघेल को एक कांच की इमारत के सामने दिखाया गया है।

इमारत पर कोयला घोटाले और CGPSC घोटाले से जुड़े पत्थर टकराते हुए दर्शाए गए हैं। पोस्टर के साथ भाजपा ने लिखा, “शीशे के घर में रहकर, पत्थर उछाले जा रहे हैं। भूपेश जी, अपने ही कार्यकाल के सवाल क्यों भुलाए जा रहे हैं?”

शीशे के घर में रहकर, पत्थर उछाले जा रहे हैं, भूपेश जी अपने ही कार्यकाल के सवाल, क्यों भुलाए जा रहे हैं? https://t.co/slKgWWhGdb

— BJP Chhattisgarh (@BJP4CGState) October 19, 2026

गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ के पूर्व सीएम भपूेश बघेल ने प्रधानमंत्री मोदी और केेंद्र के 12 साल के कार्यकाल पर गंभीर सवाल उठाये थे। उन्होने नोटबंदी, कालाधन, जीएसटी से महंगाई कम करने के सारे दावों के साथ ही पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर सवाल उठाया था। बघेल ने अपने बयान में पीएम मोदी से इस्तीफा और ज्ञानेश कुमार को जेल भेज जाने तक की मांग की थी। इसके साथ ही बघेल ने सूबे की साय सरकार पर भी सवाल खड़े किये थे। बघेल के इस बयान के बाद अब बीजेपी ने भूपेश बघेल पर हमला बोला है।

भाजपा ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर पोस्टर के जरिए बघेल के पूर्ववर्ती कार्यकाल को निशाने पर लिया हैं। भाजपा ने अपने पोस्टर में मुख्य रूप से दो मुद्दों को प्रतीकात्मक तरीके से उठाया है—कोयला घोटाला और छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) भर्ती विवाद। पोस्टर के जरिए पार्टी ने सवाल उठाया है कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल अपने कार्यकाल से जुड़े कथित घोटालों पर जवाब देने के बजाय मौजूदा सरकार पर सवाल क्यों उठा रहे हैं। छत्तीसगढ़ में कोयला परिवहन और कथित अवैध वसूली से जुड़ा मामला पहले भी राजनीतिक विवाद का विषय रहा है। इसी तरह CGPSC भर्ती प्रक्रिया को लेकर भी आरोपों और जांच के चलते राजनीतिक बहस जारी है।

छत्तीसगढ़ में आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति तेज
छत्तीसगढ़ में भाजपा और कांग्रेस के बीच राजनीतिक मुकाबला अब विधानसभा के भीतर और सार्वजनिक बयानों तक सीमित नहीं है। सोशल मीडिया पोस्टर, व्यंग्यात्मक तस्वीरों और तीखे संदेशों के जरिए भी दोनों दल एक-दूसरे को घेर रहे हैं। भाजपा जहां कोयला और CGPSC जैसे मामलों को उठाकर पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार को निशाना बना रही है, वहीं कांग्रेस प्रधानमंत्री के दावों के साथ ही महंगाई, बेरोजगारी, भर्ती प्रक्रिया और जनसमस्याओं को लेकर मौजूदा सरकार से जवाब मांग रही है। अब सवाल यह है कि भाजपा के इस पोस्टर पर भूपेश बघेल या कांग्रेस की ओर से क्या प्रतिक्रिया आती है। फिलहाल, पोस्टर ने प्रदेश की सियासत में आरोप-प्रत्यारोप की बहस को एक बार फिर तेज कर दिया है।