CG : राजधानी के इन बदमाशों ने नहाते समय 4 लड़कियों के चोरी -छिपे बनाए अश्लील वीडियो,दोस्तों को भेजे ,2 युवक गिरफ्तार

रायपुर । राजधानी रायपुर में 4 लड़कियों के नहाते समय चोरी-छिपे वीडियो बनाने और उन्हें दोस्तों को भेजने का मामला सामने आया है। गोल बाजार थाना क्षेत्र में हुई इस घटना में पुलिस ने 2 युवकों को गिरफ्तार किया है। वहीं, वीडियो बनाने के आरोप में शामिल एक नाबालिग के खिलाफ किशोर न्याय प्रक्रिया के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस ने मामले में 3 मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। पुलिस के मुताबिक, शिकायत मिलने के 24 घंटे के भीतर कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 77 और आईटी एक्ट की धारा 66E के तहत केस दर्ज किया गया है।

पुलिस के अनुसार मामले का खुलासा तब हुआ जब एक पीड़िता को एक युवक के मोबाइल फोन में वीडियो होने का संदेह हुआ। मोबाइल की जांच करने पर उसे अपने अलावा मोहल्ले की 3 अन्य लड़कियों के नहाते समय के वीडियो मिले। शिकायत के मुताबिक, ये वीडियो कथित तौर पर एक नाबालिग ने बाथरूम में चोरी-छिपे बनाए थे। इसके बाद उसने वीडियो अपने दो दोस्तों को भेज दिए। मामले की जानकारी मिलने पर पीड़िता ने गोल बाजार थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की और मामले में शामिल लोगों की पहचान की। इसके बाद पुलिस ने 19 वर्षीय कृष्णा लंगोटे और 21 वर्षीय लक्की तंगील को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने दोनों के कब्जे से 3 मोबाइल फोन जब्त किए हैं। वहीं, वीडियो बनाने के आरोप में शामिल नाबालिग के खिलाफ किशोर न्याय प्रक्रिया के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है। पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 77 और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66E के तहत अपराध दर्ज किया है। गिरफ्तार युवकों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई है। नहाते समय किसी की अनुमति के बिना वीडियो बनाना और उसे दूसरों के साथ साझा करना निजता का गंभीर उल्लंघन है। इस मामले में पुलिस की जांच जारी है। जब्त मोबाइल फोन की जांच से घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का पता चल सकता है।