कोरबा। बैंक से समूह के खाते में जमा रकम निकालकर घर लौट रही महिला के 45 हजार रुपये चलती ऑटो में चोरी हो गए। महिला को संदेह है कि ऑटो में सवार तीन अज्ञात महिलाओं ने उसके थैले को काटकर रकम पार की है। मामले में कोतवाली पुलिस ने धारा 303(2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया है।

मिली जानकारी के अनुसार, रामसागर पारा निवासी महिला घरों में खाना बनाने का काम करती है। वह टीपी नगर स्थित जना बैंक से अपने समूह के खाते से 45 हजार रुपये निकालकर थैले में रखी थी। इसके बाद ऑटो में बैठकर घर लौट रही थी। ऑटो में पहले से एक महिला, एक बच्चा और एक व्यक्ति सवार थे।
इसी दौरान टीपी नगर चौक पर तीन अज्ञात महिलाएं भी ऑटो में बैठ गईं। महिला के मुताबिक, इनमें एक मोटी और 2 दुबली-पतली महिलाएं थीं। दोनों दुबली-पतली महिलाएं उसके बगल में बैठीं, जबकि मोटी महिला सामने बैठी थी। तीनों दूसरी भाषा में बातचीत कर रही थीं और बाहर की रहने वाली प्रतीत हो रही थीं।
महिला रेलवे फाटक ओवरब्रिज के नीचे ऑटो से उतरी। यहां मोबाइल देखने के लिए जब उसने थैले में हाथ डाला, तो बैंक से निकाले गए 45 हजार रुपये गायब मिले। थैले का एक हिस्सा भी कटा हुआ था। महिला ने आशंका जताई कि ऑटो में सवार तीनों अज्ञात महिलाओं ने ही थैला काटकर रकम चोरी की है। शिकायत के आधार पर कोतवाली पुलिस मामले की जांच कर रही है।
