KORBA : चोंरों के निशाने पर NH व टोल प्लाजा ,80 मीटर केबल,LCD टीवी पार ,2 मामले दर्ज …

कोरबा। जिले में निर्माणाधीन बिलासपुर-उरगा राष्ट्रीय राजमार्ग NH-130A के टोल प्लाजा में चोरी की दो घटनाएं सामने आई हैं। गुमिया टोल प्लाजा से 70 से 80 मीटर केबल और भैसमा टोल प्लाजा की एडमिन बिल्डिंग से एक एलसीडी टीवी चोरी होने की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामले दर्ज किए हैं।

जानकारी के मुताबिक हरदीबाजार थाना क्षेत्र के गुमिया टोल प्लाजा, चैनज क्रमांक 53 प्लस 000 में 14 अक्टूबर 2026 की रात करीब एक बजे चोरी हुई। परियोजना में कार्यरत सुनील यादव निवासी उत्तर प्रदेश, वर्तमान में बलौदा कैम्प, जांजगीर-चांपा ने शिकायत में बताया कि परियोजना के उपयोग के लिए रखी करीब 70 से 80 मीटर केबल अज्ञात व्यक्ति चोरी कर ले गए। तलाश के बाद भी केबल और आरोपियों का पता नहीं चलने पर उसने 17 अक्टूबर को थाने में आवेदन दिया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज किया है।
वहीं, उरगा थाना क्षेत्र के भैसमा टोल प्लाजा में 13 अक्टूबर की रात करीब एक बजे एडमिन बिल्डिंग से एलसीडी टीवी चोरी हो गया। टोल प्लाजा में सुरक्षागार्ड हाबिल खलखो (22), निवासी सरगुजा, ने शिकायत में बताया कि घटना चेनज 69 प्लस 800 के पास हुई। उसने चोरी गए टीवी की बरामदगी और कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 305(ए) और 331(4) के तहत अपराध दर्ज किया है। दोनों मामलों में अज्ञात आरोपियों की पहचान और चोरी गए सामान की बरामदगी के लिए जांच की जा रही है।