KORBA : दशहरा में कानून तोड़ा तो चलेगा डंडा ,पुलिस ने गुंडे -बदमाशों को थाना बुलाकर समझाया कानून का ‘ककहरा’…

कोरबा। दशहरा से पहले कोरबा पुलिस ने कानून व्यवस्था बिगाड़ने की आशंका वाले असामाजिक तत्वों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। जिले के सभी थाना और चौकी क्षेत्रों में गुण्डा-बदमाशों, निगरानी बदमाशों और पूर्व में मारपीट समेत आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहे लोगों को थाने बुलाकर सख्त समझाइश दी गई है। पुलिस का साफ संदेश है कि त्योहार आस्था और उत्सव का है, हुड़दंग और विवाद का नहीं!

👉थाने में तलब, साफ चेतावनी: कानून तोड़ा तो होगी कार्रवाई!

आगामी दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में कोरबा पुलिस जिलेभर में प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर रही है। इस अभियान के तहत संदिग्ध गतिविधियों और पूर्व के आपराधिक रिकॉर्ड वाले व्यक्तियों को तलब कर उनके आचरण में सुधार लाने की हिदायत दी गई।

पुलिस ने स्पष्ट कर दिया है कि दशहरा के दौरान मारपीट, विवाद
सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग या शांति व्यवस्था भंग करने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ऐसे लोगों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। वहीं, शांति भंग करने की आशंका वाले व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर उन्हें पाबंद भी किया गया है।

👉पुलिस की नजर में रहेंगे बदमाश, हुड़दंगियों पर सख्ती

त्योहार के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति को रोकने के लिए पुलिस ने निगरानी बढ़ा दी है। पूर्व में आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहे लोगों को विशेष रूप से चेताया गया है कि कानून हाथ में लेने की कोशिश भारी पड़ सकती है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

👉कोरबा पुलिस की अपील: शांति से मनाएं दशहरा

कोरबा पुलिस ने आम नागरिकों से दशहरा पर्व शांति, सौहार्द और भाईचारे के साथ मनाने की अपील की है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि, विवाद या असामाजिक तत्व की जानकारी मिलने पर नजदीकी थाना-चौकी अथवा डायल-112 पर सूचना देने की अपील की गई है।