KORBA : फरवरी माहाँत तक मार्कफेड नहीं उठा सका था धान , रखवाली करते फड़ प्रभारी ने हाथी के हमले में गंवाई थी जान ,क्या इस साल समय पर संग्रहण केंद्र का होगा इंतजाम ! स्थल चयन में जुटा जिला प्रशासन ,मार्कफेड …,

हसदेव एक्सप्रेस न्यूज कोरबा। कल 15 नवंबर से धान खरीदी अभियान का आगाज होने जा रहा है। जिले को 31 लाख 16 हजार क्विंटल से अधिक की धान खरीदी का लक्ष्य दिया गया है । लेकिन इसके साथ जिला प्रशासन मार्कफेड के समक्ष हमेशा की तरह खरीदे गए धान की समय पर उठाव करने की चिंता सबसे बड़ी चुनौती बनी हुई है। लचर परिवहन व्यवस्था की वजह से गत वर्ष फरवरी माहान्त तक धान का उठाव नहीं होने की वजह से धान की रखवाली करते कोरकोमा के फड़ प्रभारी की हाथी के हमले में मौत से उठे सवाल को दृष्टिगत रखते हुए इस साल राज्य शासन ने जिले में उरगा एवं कटघोरा में संग्रहण केंद्र की मंजूरी दी है। जिला प्रशासन एवं मार्कफेड के अधिकारी उपयुक्त स्थल चयन में जुटे हुए हैं।

यहाँ बताना होगा कि गत वर्ष राइस मिलरों को डीओ जारी की तिथि से 10 दिवस के भीतर उपार्जन केंद्रों से धान के उठाव का प्रावधान था। लेकिन गत वर्ष धान की रिसाइक्लिंग को रोकने शासन द्वारा लागू कड़े प्रावधान लचर परिवहन व्यवस्था की वजह से फरवरी माहान्त तक कोरबा जिले में खरीदे गए धान के उठाव में मार्कफेड विफल रहा था। उपार्जन केंद्रों में करोड़ों रुपए के हजारों क्विंटल धान जाम थे। कोरकोमा समिति के हाथी प्रभावित उपार्जन केंद्र कुदमुरा में तो 1100 क्विंटल धान की रखवाली करते फड़ प्रभारी राजेश सिंह पिता शशिकांत सिंह की फड़ में घुसकर हाथी ने जान ले ली ।

जिसके उपरांत मार्कफेड की लापरवाही की कड़ी निंदा हुई थी। सहकारी कर्मचारी संघ ने मृतक साथी कर्मचारी के आश्रितों को मुआवजा,नौकरी व घटना के जिम्मेदारों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराए जाने तक की मांग की थी। हालांकि मामले में कार्रवाई तो दूर आज पर्यन्त जिम्मेदारी तय नहीं की जा सकी। विश्वस्त सूत्रों की मानें तो अधिकांश समितियों में शार्टेज की स्थिति निर्मित हो रही थी,लेकिन जिले की साख को बचाने व प्रोत्साहन राशि को डूबने से बचाने अंतर की नुकसान की भरपाई समिति के कर्मचारियों ने स्वंय कर किसी तरह रिकार्ड में शत प्रतिशत धान का परिदान कराया। लेकिन इस साल शुरू होने जा रही धान खरीदी की प्रारम्भिक तैयारियों की बैठक में जिले में धान संग्रहण केंद्र खोले जाने का मुद्दा जोर शोर से उठा था। ताकि समितियों को सूखत(शार्टेज) की भरपाई न करना पड़े। लिहाजा राज्य शासन को भी संग्रहण केंद्र का प्रस्ताव भेजा गया था। शासन ने उरगा एवं कटघोरा क्षेत्र में संग्रहण केंद्र खोले जाने की मंजूरी दे दी है।इसके लिए जिला प्रशासन मार्कफेड के अफसर उपयुक्त स्थल की तलाश में जुट गए हैं।

👉इन स्थलों का चिन्हांकन ,मापदंडों के आधार पर उपयुक्त स्थल का होगा चयन

जिले में उरगा एवं कटघोरा क्षेत्र में धान संग्रहण केंद्र खोले जाने 3 स्थल के चयन की विश्वस्त सूत्रों से जानकारी प्राप्त हो रही है । उरगा क्षेत्र जहाँ कोरबा एवं करतला ब्रांच के किसान आते हैं,जिले के 60 फीसदी से धान का उपार्जन यहीं से होता है। पठियापाली के आश्रित ग्राम मौहार एवं भैसमा से लगे करमन्दी में स्थल का चिनहांकन किया गया है। वहीं कटघोरा क्षेत्र के लिए ढपढप में स्थल चिन्हांकन किया गया है । पठिया पाली के मौहार में तो पंचायत ने नक्शा खसरा समेत अनापत्ति प्रमाण पत्र भी दे दी है। हालांकि डीएमओ का कहना है कि अभी सिर्फ स्थल का चिन्हांकन कर रहे हैं। निर्धारित मापदंडों पर खरा उतरने के आधार पर ही स्थल चयन किया जाएगा।

👉बड़ा सवाल ,क्या समय पर होंगे इंतजाम?

सहकारी समितियों के कर्मचारियों के जेहन में सबसे बड़ा सवाल यह कौंध रहा है कि क्या समय पर संग्रहण केंद्र तैयार होंगे। क्योंकि स्वीकृति के उपरांत साफ सफाई ,ड्रेनेज ,फेंसिंग,सीसीटीवी ,कर्मचारी से लेकर अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं में काफी समय लग जाता है ।

वर्जन

अभी सिर्फ चिन्हांकन,चयन बाकी

जिले में संग्रहण केंद्र प्रस्तावित है। अभी सिर्फ स्थल देखें हैं ,चयन नहीं हुआ है।

ऋतुराज देवांगन ,डीएमओ कोरबा(छग)