कोरबा । जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा लगातार निरीक्षण और जांच की कार्रवाई की जा रही है। खाद्य अधिकारी विकास भगत के नेतृत्व में की गई कार्रवाई के दौरान ट्रांसपोर्ट नगर स्थित होटल हेरिटेज इन का निरीक्षण किया गया। यहां होटल के किचन में भारी अव्यवस्था, एक्सपायरी खाद्य सामग्री और बड़ी संख्या में कॉकरोच पाए गए।

गंभीर अनियमितताओं को देखते हुए होटल के किचन का लाइसेंस आगामी आदेश तक निलंबित करने की अनुशंसा की गई है। व्यवस्था में सुधार होने तक किचन का संचालन बंद रखने की अनुशंसा की गई। निरीक्षण के दौरान होटल से बिरयानी राइस का नमूना भी जांच के लिए लिया गया।

इसी क्रम में बालको के भद्रापारा स्थित साहू जनरल स्टोर से सरसों तेल का नमूना लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।
वहीं, 18 नवंबर 2026 को टीपी नगर स्थित फूडियो रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया गया था। यहां अनहाइजीनिक परिस्थितियों में संचालन पाए जाने पर प्रतिष्ठान संचालक को 7 दिन तक रेस्टोरेंट बंद रखने का नोटिस जारी किया गया है।
खाद्य अधिकारी विकास भगत ने खाद्य कारोबारियों को स्वच्छता एवं खाद्य सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करने की हिदायत दी है। विभाग द्वारा जिले में खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच और नमूना लेने की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
