KORBA : पिकनिक की आड़ में सजाया था फड़ ,एल्डरमैन प्रिंसिपल समेत 6 गिरफ्तार …

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में जुआ खेलने के मामले में पुलिस ने 6 लोगों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई उरगा थाना क्षेत्र के ग्राम पहाड़गांव में की गई, जहां आरोपी पिकनिक मनाने की आड़ में जुआ खेल रहे थे। गिरफ्तार सभी आरोपी जांजगीर-चांपा जिले के बाराद्वार क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस ने मौके से करीब 11 हजार रुपये नकद, मोबाइल फोन और ताश के पत्ते जब्त किए हैं।

👉दोपहर में पुलिस ने दी दबिश

उरगा थाने में दर्ज मामले के अनुसार, पुलिस ने ग्राम पहाड़गांव में दोपहर करीब 2:20 बजे कार्रवाई की। उप निरीक्षक नवीन पटेल की रिपोर्ट पर छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 के तहत अपराध क्रमांक 641/2026 दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अभिषेक उर्फ गज्जू ठाकुर (46), शशिकांत दुबे (56), ज्योतिष वैष्णव (51), रविंद्र खाण्डे (26), दीपक कुमार बंसल (26) और आशुतोष राय (33) के रूप में हुई है।

👉एल्डरमैन और शिक्षक भी गिरफ्तार

इस मामले में गिरफ्तार रविंद्र खाण्डे के बाराद्वार नगर पालिका में एल्डरमैन और जिला युवा मोर्चा में पदाधिकारी होने की जानकारी सामने आई है। वहीं, शशिकांत दुबे पेशे से शिक्षक और प्रिंसिपल बताए जा रहे हैं। जनप्रतिनिधि और शिक्षा क्षेत्र से जुड़े व्यक्ति का नाम सामने आने के बाद इलाके में यह मामला चर्चा का विषय बन गया है।

👉पसान में भी सामने आया था ऐसा मामला

इससे पहले पसान थाना पुलिस ने जुआ खेलने के आरोप में एक सरपंच और शिक्षक को गिरफ्तार किया था। लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों के बाद जिले में जनप्रतिनिधियों और शिक्षकों की संलिप्तता को लेकर सवाल उठने लगे हैं। फिलहाल उरगा पुलिस ने सभी 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।