0 गुणवत्ता ,मिंजाई पर पड़ेगा असर, धान खरीदी की रफ्तार पर लगेगा ब्रेक !
हसदेव एक्सप्रेस न्यूज कोरबा । बंगाल की खाड़ी से उठा चक्रवाती तूफान ‘अकवान ‘ छत्तीसगढ़ के किसानों के लिए मुसीबत का फरमान लेकर आया है। कोरबा जिले में भी शुक्रवार अलसुबह से हो रही तेज बारिश ने शाम होते ही झड़ी में बदल गई है। समूचे जिले में हो रही लगातार बारिश से जहाँ जनजीवन प्रभावित हो रहा है तो वहीं बारिश एवं नमी से खेतों में पककर तैयार व कटी हुई फसल के बर्बाद होने के आसार बढ़ गए हैं।
हसदेव एक्सप्रेस की टीम चक्रवाती तूफान अकवान की वजह से हो रही तेज बारिश के बीच खेतों में धान की फसल की स्थिति का जायजा लेने निकली । जहाँ कोरबा जिले के करतला विकासखण्ड के दर्जनों ग्राम सलिहाभांठा,बंधवाभांठा, बरपाली,पकरिया ,सरगबुंदिया,
सराईडीह,तुमान,चिकनीपाली,
लबेद,सुपातराई, मड़वारानी,पुरेना,जर्वे,कोथारी क्षेत्र में खेतों में सैकड़ों किसानों के धान की कटी हुई फसल व खेतों में खड़ी धान की फसल बारिश में भीगती हुई नजर आई। सबसे ज्यादा नुकसान धान की कटी हुई खेतों में रखी फसल (करपा) पर पड़ने के आसार जताए जा रहे हैं। अपने खून पसीने से सींचकर उपार्जित धान की इन कटी हुई फसलों को किसान खलिहानों तक सुरक्षित ले जा पाने में नाकाम रहे।चक्रवाती तूफान अर्नब के बाद अकवान ने किसानों को डरा दिया है। अर्नब का प्रभाव कमजोर रहने की वजह से धान की फसलों पर इसका खासा प्रभाव नहीं पड़ा था। जिससे किसान इसी कयास में थे कि अकवान का भी धान की खड़ी व कटी फसलों पर खासा असर नहीं पड़ेगा। पर पूरे वेग के साथ तबाही लेकर आई चक्रवाती तूफान अकवान ने किसानों के इन कयासों को ध्वस्त करते हुए तेज झड़ी परिवर्तित हो गई है। लगातार हो रही तेज बारिश से किसान अपनी आंखों के सामने ही धान की खड़ी व कटी फसल की बर्बाद होते देखने मजबूर हैं।
👉 90 हजार हेक्टेयर में 1.33 लाख किसानों ने ली है धान की फसल

यहाँ बताना होगा कि कोरबा जिले में चालू खरीफ विपणन वर्ष 2026 -27 में 1 लाख 33 हजार 742 किसानों ने 90 हजार हेक्टेयर कृषि भूमि में धान की फसल ली है। इन किसानों में से 54 हजार 475 किसानों ने शासन द्वारा समर्थन मूल्य पर किए जाने वाले धान खरीदी के लिए शासन से पंजीयन कराया है।
👉गुणवत्ता मिंजाई से लेकर धान खरीदी पर पड़ेगा असर

कृषि विभाग के सहायक संचालक डीपीएस कंवर के मुताबिक लगातार हो रही बारिश का खेतों में रखी हुई धान की कटी फसल पर ज्यादा असर पड़ेगा। इसके अलावा खेतों में खड़ी धान की फसल की गुणवत्ता पर भी आंशिक असर पड़ने की संभावना है। नमी होने की वजह से जब तक धान की फसल सूख न जाए किसान थ्रेसर से मिंजाई नहीं कर पाएंगे। मिंजाई जब तक नहीं हो जाती किसान धान की फसल भी नहीं बेच पाएंगे। मतलब साफ है कि धान खरीदी की रफ्तार पर भी चक्रवाती तूफान अकवान का खासा असर पड़ेगा।
