KORBA : प्रशासन का प्रतिबंध बेअसर, कुदुरमाल पुल से गुजर रही स्कूली बस,खतरे में बच्चों की जान …

0 एक साल से जर्जर पुल पर आवागमन प्रतिबंधित, मिट्टी हटाकर खोल दिया रास्ता, दिन में स्कूल बसें तो रात में भारी ट्रेलरों की आवाजाही

कोरबा। शॉर्टकट के चक्कर में प्रशासनिक आदेशों की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। जिस पुल को तकनीकी जांच के बाद खतरनाक घोषित कर आवागमन के लिए प्रतिबंधित कर दिया गया है, उसी पुल से मासूम स्कूली बच्चों को लेकर बसें गुजर रही हैं।

मामला उरगा थाना क्षेत्र के हसदेव नदी पर बने कुदुरमाल पुल का है। यहां जर्जर पुल से वाहनों की आवाजाही का एक वीडियो सामने आने के बाद प्रशासनिक निगरानी और स्कूल प्रबंधन की जिम्मेदारी पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। जानकारी के अनुसार, कुदुरमाल पुल की जर्जर स्थिति को देखते हुए पिछले साल नवंबर 2025 में इस मार्ग पर आवागमन बंद कर दिया गया था। पुल का एक हिस्सा धंसने लगा था। संबंधित विभाग की तकनीकी जांच में भी पुल के क्षतिग्रस्त होने की पुष्टि हुई थी।

किसी बड़ी दुर्घटना की आशंका को देखते हुए तत्कालीन स्थिति में कोरबा कलेक्टर ने इस मार्ग को तत्काल प्रभाव से बंद करने का आदेश दिया था। इसके बाद पुल के दोनों छोर पर मिट्टी डालकर रास्ता अवरुद्ध कर दिया गया था। शुरुआत में प्रशासनिक प्रतिबंध का पालन होता रहा, लेकिन धीरे-धीरे निगरानी कमजोर पड़ते ही अज्ञात लोगों ने पुल के दोनों सिरों पर डाली गई मिट्टी हटा दी। इसके बाद प्रतिबंधित पुल से वाहनों की आवाजाही फिर शुरू हो गई। पहले दोपहिया और छोटे वाहन गुजरने लगे और अब भारी वाहन भी इस रास्ते का इस्तेमाल कर रहे हैं। हैरानी की बात यह है कि दिन के उजाले में स्कूल बसें और कारें इस जर्जर पुल को पार कर रही हैं, जबकि रात के अंधेरे में खाली ट्रेलर जैसे भारी वाहन भी यहां से गुजरते बताए जा रहे हैं।

👉वीडियो में बच्चों से भरी स्कूल बस पुल पार करते दिखी

हाल ही में सामने आए एक वीडियो ने पूरे मामले को उजागर कर दिया है। इसमें स्कूल की बच्चों से भरी बस जर्जर कुदुरमाल पुल को पार करती दिखाई दे रही है। जिस पुल से आम वाहनों का गुजरना भी खतरे से खाली नहीं है, वहां स्कूली बच्चों को लेकर बस का आवागमन सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा करता है। पुल की वास्तविक स्थिति से परिचित होने के बावजूद यदि स्कूल बस संचालक इस मार्ग का इस्तेमाल कर रहे हैं तो यह बच्चों की सुरक्षा के प्रति गंभीर लापरवाही है।

👉एक साल बाद भी वैकल्पिक व्यवस्था नहीं

क्षेत्रवासियों का कहना है कि पुल पर प्रतिबंध लगाए जाने के करीब एक साल बाद भी प्रशासन आवागमन के लिए कोई स्थायी वैकल्पिक व्यवस्था नहीं कर पाया है। नए पुल के निर्माण की प्रक्रिया में भी अपेक्षित तेजी नजर नहीं आ रही है। इसके चलते स्थानीय लोगों को लंबा रास्ता तय करना पड़ता है। शॉर्टकट के चक्कर में लोग प्रतिबंधित पुल का इस्तेमाल कर रहे हैं। ग्रामीणों में इस बात को लेकर नाराजगी है कि एक ओर पुल की खतरनाक स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने प्रतिबंध लगाया है, वहीं दूसरी ओर आदेश का पालन कराने के लिए प्रभावी निगरानी नहीं की जा रही है। स्थानीय लोगों ने पुलिस और प्रशासन से तत्काल सख्ती बरतने की मांग की है।

👉बड़ा हादसा हुआ तो जिम्मेदार कौन?

कुदुरमाल पुल से स्कूली बसों और भारी वाहनों की आवाजाही का मामला सामने आने के बाद सबसे बड़ा सवाल यही है कि प्रतिबंधित मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था आखिर किसके भरोसे है? क्या प्रशासन किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है? पुल के दोनों छोर पर दोबारा मजबूत अवरोधक लगाने, नियमित निगरानी करने और स्कूल बसों की आवाजाही रोकने की जरूरत है। समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो शॉर्टकट का यह रास्ता किसी दिन बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकता है।