नहीं रहीं CM योगी की माता सावित्री, 91 साल की उम्र में ली आखिरी सांस …

उत्तर प्रदेश । उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी का शुक्रवार को पौड़ी गढ़वाल जिले के उनके पैतृक गांव में निधन हो गया। पौड़ी गढ़वाल के एसएसपी सर्वेश पंवार ने उनके निधन की पुष्टि की है।

एसएसपी सर्वेश पंवार ने बताया कि उनका निधन जिले के पंचूर गांव में हुआ। वहीं सीएम योगी की माता का अंतिम संस्कार शनिवार को हरिद्वार में होने की संभावना है। एसएसपी सर्वेश पंवार ने बताया कि पुलिस और जिला प्रशासन परिवार के संपर्क में हैं।

👉लंबे समय से थीं बीमार

सीएम योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी ने 91 साल की उम्र में आखिरी सांस ली। जानकारी के मुताबिक वह लंबे समय से बीमार चल रही थीं, जिसके बाद शुक्रवार को उनका निधन हो गया। उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स एक पोस्ट में इसकी जानकारी दी। सीएम धामी ने सीएम योगी की माता के निधन को हृदयविदारक बताया। उन्होंने सीएम योगी की माता के निधन को अपूरणीय क्षति बताया।

👉सीएम धामी ने किया पोस्ट

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एक्स पर एक पोस्ट में इसकी जानकारी दी। सीएम धामी ने एक्स पर लिखा, “उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पूज्य माताजी सावित्री देवी के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद एवं हृदयविदारक है। मां का स्नेह, आशीर्वाद और ममता जीवन की सबसे अनमोल पूंजी होती है। उनका जाना परिवार के लिए एक अपूरणीय क्षति है। बाबा केदार से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा योगी जी सहित समस्त शोकाकुल परिजनों को इस असीम दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।”

👉एमपी के सीएम ने व्यक्त किया शोक

मध्य प्रदेश के सीएम डॉ. मोहन यादव ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, “उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पूज्य माताजी सावित्री देवी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। मां का जाना वह दुःख है, जिसे शब्दों में व्यक्त कर पाना असंभव है। मां का स्थान जीवन में कोई नहीं ले सकता। इस कठिन समय में मेरी संवेदनाएं मुख्यमंत्री जी एवं उनके समस्त परिवारजनों के साथ हैं। प्रभु श्रीराम जी दिवंगत को अपने श्रीचरणों में स्थान दें एवं शोकाकुल परिवार को यह असहनीय दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।”

👉रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने जताया दुख

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी सीएम योगी की माता के निधन पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, “उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पूज्य माताजी सावित्री देवी के स्वर्गवास का समाचार सुनकर मुझे दुख की अनुभूति हुई है। ​जीवन के किसी भी पड़ाव पर मां का साया उठ जाना सबसे बड़ा और असहनीय आघात होता है। शोक की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं योगी जी और समस्त परिवार के साथ हैं। ​ईश्वर से प्रार्थना है कि वे पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें। ॐ शांति!”

👉सीएम योगी की माता को दी गई श्रद्धांजलि

लखनऊ में महिला मोर्चा प्रदेश प्रवास की बैठक में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। उनका आज निधन हो गया। बैठक में उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक और केशव प्रसाद मौर्य तथा राज्य भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी उपस्थित थे।

👉पीयूष गोयल ने किया पोस्ट

केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने एक्स पर लिखा, “उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यानाथ की पूज्य माताजी सावित्री देवी आज परलोकगमन सिधार गईं, उनका जाना अत्यंत पीड़ादायक है। मां का साथ छूटना जीवन का सबसे कठिन क्षण है। ऐसे दुःखद समय में, मैं योगी जी एवं सभी परिवारजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। बाबा विश्वनाथ पुण्यात्मा को शांति एवं परिजनों को ये आघात सहन करने की शक्ति प्रदान करें। ॐ शांति”