0 धार-अपार योजना से नदी-नालों का होगा वैज्ञानिक पद्धति से उपचार, जल संरक्षण एवं संवर्धन को मिलेगी गति
0 प्रत्येक ग्राम पंचायत में विकसित होगी सुघ्घर बाड़ी, आजीविका संवर्धन एवं कुपोषण मुक्ति पर रहेगा जोर
कोरबा। विकसित ग्राम पंचायत प्लान (वीजीपीपी) के माध्यम से जिले की ग्राम पंचायतों को आदर्श ग्राम पंचायत के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके लिए ग्राम पंचायतों की आवश्यकताओं, उपलब्ध संसाधनों और विकास की प्राथमिकताओं का वैज्ञानिक आकलन कर आगामी पांच वर्षों की कार्ययोजना तैयार की जाएगी। वहीं, धार-अपार योजना के तहत नदी-नालों एवं जलग्रहण क्षेत्रों का रिज टू वैली पद्धति से वैज्ञानिक उपचार कर जल संरक्षण एवं संवर्धन के कार्य किए जाएंगे। यह बात जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं प्रभारी कलेक्टर श्री प्रतीक जैन ने कलेक्टोरेट सभाकक्ष में विकसित ग्राम पंचायत प्लान विषय पर आयोजित एक दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण-सह-कार्यशाला में कही।

श्री जैन ने कहा कि विकसित ग्राम पंचायत प्लान पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की एक महत्वपूर्ण पहल है। इसके माध्यम से परंपरागत कार्यों से आगे बढ़कर ग्राम पंचायतों का समग्र एवं सुनियोजित विकास सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने जिला स्तरीय प्रशिक्षण के अनुरूप जनपद एवं ग्राम पंचायत स्तर पर भी प्रशिक्षण आयोजित करने के निर्देश दिए, ताकि योजना का प्रभावी क्रियान्वयन करते हुए प्रत्येक ग्राम पंचायत को आदर्श ग्राम पंचायत बनाया जा सके।

कार्यशाला में विषय विशेषज्ञों एवं मास्टर ट्रेनर्स द्वारा वर्ष 2047 के विकसित भारत के दृष्टिकोण के अनुरूप ग्राम पंचायत विकास की कार्ययोजना तैयार करने की विस्तृत जानकारी दी गई। जल संग्रहण, आजीविका एवं कोर इंफ्रास्ट्रक्चर की श्रेणियों में ग्राम पंचायतों को संतृप्त करने के लिए वैज्ञानिक एवं आवश्यकता आधारित योजना बनाने पर जोर दिया गया। इसके तहत ग्राम पंचायतों में जल की उपलब्धता एवं आवश्यकता का आकलन कर उपयुक्त कार्य प्रस्तावित किए जाएंगे। पूर्व में निर्मित मूलभूत अधोसंरचनाओं को ध्यान में रखते हुए शेष आवश्यकताओं एवं स्थानीय प्राथमिकताओं के आधार पर पांच वर्षीय विकास कार्ययोजना तैयार होगी। निर्माण कार्यों की प्रगति एवं मूल्यांकन के लिए ई-एमबी के माध्यम से ऑनलाइन संधारण सुनिश्चित किया जाएगा।
जल संरक्षण एवं संवर्धन को प्राथमिकता देते हुए धार-अपार योजना के अंतर्गत नदी-नालों, जलग्रहण क्षेत्रों एवं ड्रेनेज लाइनों का रिज टू वैली पद्धति से वैज्ञानिक उपचार किया जाएगा। इससे वर्षा जल का बेहतर संचयन, भूजल स्तर में वृद्धि तथा जल स्रोतों की स्थिरता सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी। इसी प्रकार सुघ्घर बाड़ी कार्यक्रम के तहत प्रत्येक ग्राम पंचायत में बाड़ी विकसित करने पर जोर दिया गया। इससे ग्रामीण परिवारों को पोषणयुक्त खाद्य सामग्री उपलब्ध होने के साथ ही कुपोषण दूर करने और अतिरिक्त आजीविका के अवसर बढ़ाने में सहायता मिलेगी।
कार्यशाला में विकसित ग्राम पंचायत प्लान (वीजीपीपी) तैयार करने एवं उसकी ऑनलाइन प्रविष्टि, नेशनल मोबाइल मॉनिटरिंग सिस्टम, मैनेजमेंट इन्फॉर्मेशन सिस्टम , लंबित देयताएं, जीएसटी, फंड ट्रांसफर ऑर्डर, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता एवं अभिसरण, सिक्योर सॉफ्टवेयर, ई-एमबी संधारण, भू-ग्राम पोर्टल, आजीविका डबरी, नवा तरिया, सुघ्घर बाड़ी, धार-अपार, भर्ती नियम तथा आगामी चार माह में प्राथमिकता से किए जाने वाले कार्यों पर पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से प्रशिक्षण दिया गया।
कार्यशाला में विभिन्न क्रियान्वयन एजेंसियों के अधिकारी, विकसित भारत जी राम जी के सहायक परियोजना अधिकारी, शिकायत समन्वयक, सहायक प्रचार-प्रसार अधिकारी, कार्यक्रम अधिकारी, सभी जनपद पंचायतों के सहायक प्रोग्रामर एवं तकनीकी सहायक सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।
