KORBA : कार्तिक पूर्णिमा पर उमड़ा आस्था का सैलाब ,दीपदान से जगमगाया हसदेव तट,हुई महाआरती,उर्जानगरीवासियों ने जीवनदायिनी हसदेव नदी के संरक्षण का लिया संकल्प

हसदेव एक्सप्रेस न्यूज कोरबा । संस्कृति, आस्था उल्लास ,एवं संकल्प । कार्तिक पूर्णिमा देव दीपावली पर मंगलवार को मां सर्वमंगला के दर पतित पावनी हसदेव नदी तट में कुछ कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला। जहां पुण्य स्नान और दीपदान के लिए तड़के 4 बजे से ही हसदेव नदी के तट पर श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। ब्रह्ममुहूर्त में पवित्र स्नान के बाद भक्तों ने श्रद्धा के दीप नदी में प्रवाहित किए। जलधारा पर तैरते दीपों की रोशनी से हसदेव का तट जगमगा उठा। इसके बाद श्रद्धालुओं ने मां सर्वमंगला मंदिर पहुंचकर दर्शन-पूजन किया। शाम 6 बजे हसदेव तट रौशनी से नहा उठा । नमामि हसदेव सेवा समिति कोरबा के तत्वावधान में आयोजित हसदेव महाआरती में पहुंचकर हजारों शहरवासियों ने अपना जीवन धन्य बनाया । निर्मोही अखाड़ा चित्रकूट से पहुंची साध्वी प्रज्ञा भारती जी के सानिध्य में आयोजित हसदेव महाआरती में पहुंचे आस्थावान शहरवासियों ने जीवनदायिनी हसदेव नदी को स्वच्छ ,निर्मल बनाने का संकल्प लिया ।

हसदेव महाआरती में छत्तीसगढ़ शासन के केबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन बतौर मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुए । विशिष्ट अतिथियों के तौर पर महापौर संजू देवी राजपूत,बीएमएस के राष्ट्रीय मंत्री राधेश्याम जायसवाल,छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक के पूर्व अध्यक्ष देवेंद्र पांडेय,छत्तीसगढ़ प्रांतीय अग्रवाल संगठन के प्रांतीय चेयरमैन अशोक मोदी ,विश्व हिंदू परिषद के प्रदेश सह मंत्री विजय कुमार राठौर,कुर्मी क्षत्रिय कल्याण समिति के जिलाध्यक्ष राजकुमार वर्मा,कोरबा सतनामी कल्याण समिति के जिलाध्यक्ष नारायण कुर्रे,संयुक्त मानिकपुरी पनिका समाज के जिलाध्यक्ष संतोष दास महंत ,नगर निगम कोरबा के कोहड़िया पार्षद एमआईसी सदस्य नरेंद्र देवांगन समेत अन्य मंचासीन रहे।

मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री श्री देवांगन ने जहाँ पतित पावनी जीवनदायिनी हसदेव नदी के अस्तित्व को बचाए रखने उसे प्रदूषण रहित निर्मल बनाने निगम प्रशासन एवं एनटीपीसी के मध्य हुए एमओयू की जानकारी उपस्थित आमजनमानस से साझा की । वहीं निर्मोही अखाड़ा चित्रकूट से पहुंची साध्वी प्रज्ञा भारती दीदी ने उपस्थित जनसमूह को जीवनदायिनी नदियों का सांस्कृतिक ,पौराणिक,भौतिक महत्व से प्रभावपूर्ण ढंग से वर्णन करते हुए पतित पावनी हसदेव नदी के संरक्षण का संकल्प दिलाया।