कोरबा । जिले के चंद्रनगर-जटराज क्षेत्र के विस्थापित ग्रामीणों ने सोमवार को जिला प्रशासन और SECL कुसमुंडा प्रबंधन के खिलाफ अनोखे तरीके से विरोध जताते हुए दंडवत न्याय यात्रा निकाली। हाथों में आवेदन लेकर ग्रामीण घंटाघर अंबेडकर चौक से सड़क पर दंडवत होते हुए कलेक्टर कार्यालय पहुंचे। इस दौरान सड़क पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
👉बिना व्यवस्था 3 दिन में गांव खाली कराने का आरोप

ग्रामीणों का आरोप है कि एसईसीएल कुसमुंडा प्रबंधन ने समुचित बसाहट और रहने की व्यवस्था किए बिना महज 3 दिन में गांव खाली करा लिया। इसके बाद विस्थापित परिवारों को 6 अलग-अलग स्थानों पर बसाया गया, लेकिन विस्थापन के बाद से किसी भी बसाहट स्थल पर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई गईं।
👉ग्रामीणों के अनुसार, बसाहट स्थलों पर निम्नलिखित सुविधाओं का अभाव है:
- सड़क, नाली और पीने का पानी
- सार्वजनिक शौचालय और मवेशी शेड
- चारागाह, तालाब और खेल मैदान
- मुक्तिधाम, देव स्थल, मंदिर, सांस्कृतिक मंच और गार्डन
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि कई बैठकों में एसईसीएल प्रबंधन ने मकान किराया देने का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक कोई आर्थिक सहायता नहीं मिली।
👉तूफान-बारिश में अस्थायी मकान टूटे, लाखों का नुकसान
विस्थापितों ने बताया कि बसाहट स्थलों पर बनाए गए झोपड़ीनुमा अस्थायी मकान हाल ही में आए चक्रवाती तूफान और बारिश में क्षतिग्रस्त हो गए। वहीं, पक्के मकान बनाने के लिए खोदे गए गड्ढों में पानी और मलबा भर गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि खदान के पहाड़ के किनारे हाई वॉल नहीं बनाई गई है, जिसके कारण पहाड़ से बहकर आने वाला मलबा और पानी निर्माणाधीन मकानों में घुस रहा है। इससे उन्हें लाखों रुपए का नुकसान उठाना पड़ा है। परिवार चक्रवात, भारी बारिश और ठंड के बीच झोपड़ियों में रहने को मजबूर हैं तथा महिलाओं और पुरुषों को खुले में शौच जाना पड़ रहा है।
👉सुनवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी
ग्रामीणों के मुताबिक, बसाहट स्थलों पर मूलभूत सुविधाएं मुहैया कराने की मांग को लेकर वे कलेक्टर, एसडीएम और एसईसीएल प्रबंधन को कई बार आवेदन दे चुके हैं, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई या सुनवाई नहीं हुई।
उन्होंने 23 नवंबर को दंडवत न्याय यात्रा निकालने की पूर्व सूचना कलेक्टर और एसपी को दे दी थी। ग्रामीणों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही बसाहट स्थलों पर जरूरी सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई गईं, तो वे खदान बंद कर उग्र आंदोलन करेंगे।
