KORBA : नाले में नाला समाया,8 दिन में उखड़ने लगी सड़क ,निर्माण कार्यों को लेकर कांग्रेस ने निगम प्रशासन को घेरा …

कोरबा। नगर पालिक निगम के निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर एक बार फिर सियासी घमासान शुरू हो गया है। वासन गली में लाखों-करोड़ों की लागत से कराए जा रहे सड़क डामरीकरण की ऊपरी परत महज 8 से 10 दिनों में उखड़ने लगी है। कहीं गिट्टियां सड़क पर बिखर रही हैं तो कहीं निर्माणाधीन नाले का हिस्सा उसी नाले में समा गया है। इन तस्वीरों को लेकर नेता प्रतिपक्ष कृपाराम साहू और जिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं पार्षद मुकेश राठौर ने नगर निगम प्रशासन को घेरा है।

कांग्रेस नेताओं ने निर्माण कार्यों में कथित अनियमितता और गुणवत्ता की अनदेखी का आरोप लगाते हुए सवाल किया है कि आखिर जनता की गाढ़ी कमाई से हो रहे निर्माण कुछ ही दिनों में जवाब क्यों देने लगे हैं? क्या निर्माण कार्यों की गुणवत्ता जांच केवल कागजों तक सीमित है?

👉सड़क की परत उखड़ी तो मौके पर पहुंचे नेता प्रतिपक्ष

नेता प्रतिपक्ष कृपाराम साहू ने वासन गली में सड़क डामरीकरण की स्थिति पर नाराजगी जताते हुए निगम अधिकारियों को फोन कर निर्माण स्थल पर बुलाया। उन्होंने मौके पर सड़क की स्थिति का निरीक्षण कराया और गुणवत्ताविहीन निर्माण की जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की।

साहू का कहना है कि निगम क्षेत्र में लाखों-करोड़ों रुपये खर्च कर सड़कों का जीर्णोद्धार कराया जा रहा है, लेकिन निर्माण की स्थिति ऐसी है कि 8 से 10 दिनों में ही सड़क की ऊपरी परत उखड़ने लगी है। कई स्थानों पर गिट्टियां बाहर निकलकर सड़क पर बिखर गई हैं। उन्होंने इसे निर्माण की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल बताते हुए जिम्मेदारी तय करने की मांग की।

मौके पर मौजूद निगम की कार्यपालन अभियंता रुचि साहू ने यथाशीघ्र जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

👉अमरैय्या पारा में नाला निर्माण की खुली पोल!

सड़क के बाद अमरैय्या पारा में निर्माणाधीन नाला भी सवालों के घेरे में आ गया है। यहां नाले का एक हिस्सा टूटकर उसी नाले में समा गया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश राठौर ने इस स्थिति को लेकर निगम प्रशासन से जवाब मांगा है।

राठौर ने कहा कि जब एक सप्ताह के भीतर सड़क की ऊपरी परत अपनी पकड़ छोड़ने लगे और गिट्टियां बाहर आने लगें तो जनता का विरोध स्वाभाविक है। निगम के अलग-अलग वार्डों में सड़क जीर्णोद्धार और नाली निर्माण के दावे किए जा रहे हैं, लेकिन कुछ ही दिनों में निर्माण की ऐसी हालत क्यों हो रही है? नालियां टूटकर उसी नाले में बह क्यों रही हैं?

👉10 दिन में जांच, 15 दिन में कार्रवाई का अल्टीमेटम

कांग्रेस नेताओं ने इस पूरे मामले में निगम प्रशासन को समयसीमा देते हुए 10 दिवस के भीतर जांच और 15 दिवस के अंदर कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि इससे पहले भी निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर शिकायतें और विरोध दर्ज कराया जा चुका है, लेकिन जिम्मेदारों की जवाबदेही तय नहीं हो पा रही है।

मुकेश राठौर ने चेतावनी दी कि यदि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता की अनदेखी और सरकारी राशि के कथित दुरुपयोग पर कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस सभी विपक्षी पार्षदों के साथ मिलकर विरोध प्रदर्शन करेगी।

कांग्रेस नेताओं ने इस मुद्दे को लेकर निगम प्रशासन से ठोस कार्रवाई की मांग की है। अब देखना होगा कि जांच के आश्वासन के बाद वास्तव में जिम्मेदारी तय होती है या मामला भी अन्य शिकायतों की तरह फाइलों में सिमटकर रह जाता है।

इस दौरान पार्षद रवि सिंह चंदेल, प्रेमलता अविनाश बंजारे, डॉ. रामगोपाल कुर्रे, सुकसागर निर्मलकर, ब्लॉक अध्यक्ष पालूराम साहू, कांग्रेस ओबीसी प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष गजानंद साहू सहित कांग्रेस के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।