FSSAI की कार्रवाई पर बिसलेरी ने दी सफाई,पीने के लिए पूरी तरह सुरक्षित बताया ,जांच, नोटिस पर कही यह बात …

दिल्ली । भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) द्वारा ‘खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम, 2006’ के तहत बिस्लेरी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी दिए जाने के बाद, कंपनी ने एक बयान जारी किया है। यह कार्रवाई तब हुई जब बिस्लेरी के पैक्ड ड्रिंकिंग वॉटर का एक सैंपल सुरक्षा जांच में फेल हो गया। “हमें हाल ही में आई मीडिया रिपोर्टों की जानकारी है, जिनमें कहा गया है कि भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने बिसलेरी को एक नोटिस जारी किया है।

यह मामला लगभग 14 महीने पुराना है और सितंबर 2025 में बिसलेरी की गोवा स्थित निर्माण इकाई (जो हमारे नेटवर्क के 143 संयंत्रों में से एक है) में तैयार किए गए एक बैच से जुड़ा है। 30 सितंबर 2025 को, FSSAI ने गोवा इकाई से छह नमूने लिए थे। शुरुआती जांच में पाया गया कि पांच नमूने सभी निर्धारित मानकों को पूरा करते थे। छठे नमूने में ब्रोमेट का स्तर 12 माइक्रोग्राम प्रति लीटर पाया गया, जबकि इसकी निर्धारित सीमा 10 माइक्रोग्राम प्रति लीटर है। 22 नवंबर 2025 को बिसलेरी द्वारा की गई अपील के बाद, FSSAI ने उस नमूने को दोबारा जांच के लिए एक रेफरल प्रयोगशाला में भेजा। रेफरल प्रयोगशाला की जांच में ब्रोमेट का स्तर निर्धारित सीमा के भीतर पाया गया, लेकिन साथ ही नमूने में पॉलीक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (PAHs) की मौजूदगी का भी उल्लेख किया गया। दोनों परिणामों में अंतर को देखते हुए, बिसलेरी को लगा कि इस पर स्पष्टीकरण देना आवश्यक है। बिसलेरी ने उसी नमूने की एक स्वतंत्र जांच FSSAI द्वारा मान्यता प्राप्त प्रयोगशाला में करवाई। उस जांच में ब्रोमेट का स्तर निर्धारित सीमा के भीतर पाया गया।

हमने 2 फरवरी 2026 को एक औपचारिक पत्र के साथ, स्वतंत्र जांच के परिणाम FSSAI के पश्चिमी क्षेत्रीय कार्यालय को सौंप दिए। इसके बाद हमें FSSAI की ओर से कोई और सूचना नहीं मिली, इसलिए हमने मान लिया कि यह मामला अब बंद हो चुका है। आज तक, बिसलेरी को ईमेल या हार्ड कॉपी के रूप में कोई नोटिस नहीं मिला है, और न ही FSSAI की वेबसाइट पर ऐसा कोई नोटिस देखने को मिला है। पीने के पानी की सुरक्षा बिसलेरी के लिए सर्वोच्च प्राथमिकता है। हम अपनी 10-चरणीय निर्माण प्रक्रिया के दौरान 90 से अधिक कड़े गुणवत्ता परीक्षण करते हैं। हम इस मामले को उचित नियामक प्रक्रिया के माध्यम से सुलझाने के लिए FSSAI के साथ सहयोग करना जारी रखेंगे। वर्षों से एक भरोसेमंद ब्रांड रही बिसलेरी, उपभोग के लिए पूरी तरह सुरक्षित है।