नई दिल्ली। बिसलेरी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड को एक बड़ी राहत मिली है। न्यूज एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक बिसलेरी के पानी के जिन सैंपल को पहले असुरक्षित घोषित किया गया था, वे बाद की जांच में खाद्य सुरक्षा मानकों के पूरी तरह अनुरूप पाए गए हैं।
👉नई जांच में पास हुए सैंपल

न्यूज एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक बाद में की गई ताजा जांच में बिसलेरी के ये सैंपल अभी सुरक्षा नियमों के अनुरूप पाए गए हैं।
इस मामले पर बिसलेरी इंटरनेशनल की ओर से कहा गया है कि पीने के पानी की सुरक्षा कंपनी की सर्वोच्च प्राथमिकता है और वह उचित प्रक्रिया के तहत मामले को सुलझाने के लिए नियामक (रेगुलेटर) के साथ पूरा सहयोग करेगी।
👉बिसलेरी ने दिया अपना तर्क


बिसलेरी ने इस पूरे मामले पर अपना तर्क देते हुए कहा कि यह मामला सितंबर 2025 में गोवा स्थित यूनिट में तैयार किए गए एक बैच से जुड़ा है।
कंपनी के अनुसार, FSSAI द्वारा लिए गए छह नमूनों में से पांच तो तय मानकों पर खरें उतरे, लेकिन छठे नमूने में ब्रोमेट का स्तर निर्धारित सीमा से ज्यादा पाया गया।
👉ब्रोमेट स्तर तय सीमा के अंदर मिला-बिसलेरी
कंपनी ने इन नतीजों के खिलाफ अपील की, जिसके बाद नमूने को रेफरल लैब में जांच के लिए भेजा गया। बिसलेरी ने बताया कि उस लैब की जांच में ब्रोमेट का स्तर तय सीमा के अंदर मिला, लेकिन वहां पॉलीसाइक्लिक एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (PAHs) की मौजूदगी का पता चला।
👉FSSAI को कंपनी का सहयोग
बिसलेरी का कहना है कि FSSAI से मान्यता प्राप्त एक अन्य लैब में उसी नमूने की स्वतंत्र जांच कराने पर भी ब्रोमेट का स्तर तय सीमा के भीतर ही पाया गया।
कंपनी ने बताया कि फरवरी 2026 में उन्होंने ये नतीजे रेगुलेटर को सौंप दिए थे। इसके बाद उन्हें कोई और सूचना नहीं मिली, जिससे उन्हें लगा कि यह मामला अब बंद हो चुका है।
कंपनी ने कहा कि उन्हें इस संबंध में कोई नोटिस न तो ईमेल के जरिए मिला और न ही हार्ड कॉपी के रूप में। उन्होंने दोहराया कि पीने के पानी की सुरक्षा उनकी प्राथमिकता है और वे FSSAI के साथ पूरा सहयोग करेंगे।
👉पुरानी रिपोर्ट में असुरक्षित घोषित हुए थे सैंपल

इससे पहले भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने बिसलेरी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मंजूरी दी थी। शुरुआती जांच में कंपनी के पैक्ड ड्रिंकिंग वॉटर के एक सैंपल में ‘ब्रोमेट’ की मात्रा तय सीमा से अधिक पाई गई थी।
बिसलेरी ने इन नतीजों को चुनौती देते हुए अपील दायर की थी, जिसके बाद सैंपल को रेफरल फूड लैब भेजा गया। उस समय रेगुलेटर ने बताया था कि रेफरल लैब ने भी सैंपल में ‘पॉलीसाइक्लिक एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन’ (PAHs) पाए जाने के बाद इसे असुरक्षित करार दिया था और प्रभावित बैच को बाजार से वापस मंगाने (रिकॉल करने) का आदेश दिया था।
👉पूरे देश में पैक्ड ड्रिंकिंग वॉटर ब्रांड की होगी जांच

न्यूज एजेंसी रॉयटर्स ने बताया कि बिसलेरी के खिलाफ सुरक्षा संबंधी निष्कर्ष सामने आने के बाद, अधिकारी पूरे देश में पैक्ड ड्रिंकिंग वॉटर ब्रांडों की जांच करेंगे।

यह कदम भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) और बिसलेरी इंटरनेशनल के बीच हुए विवाद के बाद उठाया गया है।
👉अन्य फूड कंपनी पर जारी है FSSAI की सख्ती
बिसलेरी को भले ही इस मामले में राहत मिल गई है लेकिन खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन को लेकर FSSAI का प्रवर्तन अभियान अभी भी जारी है।
FSSAI ने वसंत मसाला प्राइवेट लिमिटेड, टिट-बिट फूड्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड, मीमांसा इंडस्ट्रीज और आशा कन्फेक्शनरी के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की मंजूरी दी थी।
रेगुलेटर ने खाद्य सुरक्षा नियमों का पालन न करने के कारण उर्मि लाइफसाइंसेज LLP और गौर आयुर्वेदिक स्टोर के लाइसेंस सस्पेंड कर दिए हैं।
इसके अलावा आशा कन्फेक्शनरी को अपनी प्री-पैकेज्ड चॉकलेट-भरी कुकीज को वापस मंगाने का आदेश दिया गया क्योंकि वे असुरक्षित पाई गई थीं।
