दिल्ली। अपने परिवार, दोस्तों या फिर रिश्तेदारों के साथ एक साथ यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए बड़ी खबर है। दरअसल, अभी तक बल्क टिकट यानी ग्रुप टिकट बुक करने के लिए एक एक लिमिट थी।
लेकिन अब इसी लिमिट को दक्षिण पश्चिम रेलवे (SWR) ने हटा दिया। दक्षिण पश्चिम रेलवे ने एक नोटीफिकेशन जारी करके बताया है कि ग्रुप और बल्क (बड़ी संख्या में) ट्रेन रिजर्वेशन के नियमों में बदलाव किया गया है।
यह नियम इसलिए लागू किए गए हैं ताकि शादी-ब्याह, शैक्षणिक यात्राओं, तीर्थयात्राओं, खेल आयोजनों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए बड़ी संख्या में एक साथ यात्रा करने वाले लोगों को आसानी हो सके। और वो एक साथ टिकट बुकिंग कर सकें।
अब ग्रुप में यात्रा करने वाले लोगों के लिए एक साथ बर्थ बुक करना आसान हो जाएगा। SWR ने अपनी आधिकारिक नोटिफिकेश में कहा कि रेलवे ने यात्रियों द्वारा बुक की जा सकने वाली बर्थ की संख्या पर लगी तय सीमा को हटा दिया है।
👉सुबह 9 बजे से शुरू होगी ग्रुप बुकिंग

दक्षिण पश्चिम रेलवे द्वारा जारी किए गए नोटफिकेशन के अनुसार ग्रुप बुकिंग की सुविधा केवल प्रमुख स्टेशनों पर ही मिलेगी। यह सुविधा सुबह 9 बजे से शुरू होगी, यानी ‘एडवांस रिजर्वेशन पीरियड’ के तहत रिजर्वेशन शुरू होने के एक घंटे बाद। एडवांस रिजर्वेंशन पीरियड यात्रा करने की तारीख से 60 दिन पहले सुबह 8 बजे से शुरू होता है। यानी अगर आपको आज से 100 दिन बाद यात्रा करनी है तो आप टिकट बुक नहीं कर पाएंगे, 60 दिन पहले ही टिकट बुकिंग शुरू होगी। आप सुबह 8 बजे से टिकट बुक कर सकते हैं।
दक्षिण पश्चिम रेलवे ने एक विज्ञप्ति में कहा, “यह सुविधा उन लोगों के लिए उपलब्ध होगी जो शादी-ब्याह, शैक्षणिक यात्रा, तीर्थयात्रा, खेल टीमों या सांस्कृतिक समूहों जैसे वास्तविक उद्देश्यों के लिए एक साथ यात्रा कर रहे हैं। यह सभी क्लास (श्रेणियों) के लिए लागू होगी, चाहे टिकट कन्फर्म हों, RAC हों या वेटलिस्टेड हों।”
👉स्टेशन मैनेजर को दिया गया अधिकार
SWR ने बताया कि ‘बल्क रिजर्वेशन’ के तहत बुक की जाने वाली बर्थ की संख्या पर अब कोई ऊपरी सीमा नहीं होगी। पहले से तय अधिकार और सीमाएं हटा दी गई हैं, और अब CRS (चीफ रिजर्वेशन सुपरवाइजर) या SM (स्टेशन मैनेजर) को बल्क रिजर्वेशन की अनुमति देने का अधिकार दिया गया है।
दक्षिण पश्चिम रेलवे ने बड़ी संख्या में टिकट बुक करने वाले लोगों से अपील की है कि वे सीधे संबंधित अधिकारियों से संपर्क करें, न कि किसी ट्रैवल एजेंट के जरिए। हालांकि, विदेशी पर्यटकों या NRI (अनिवासी भारतीयों) के मामले में मौजूदा नियमों के अनुसार ट्रैवल एजेंट के जरिए बुकिंग की जा सकती है।
इसमें स्पष्ट रूप से कहा गया है कि जब तक यात्रा का उद्देश्य साफ तौर पर न बताया जाए, तब तक SWR (दक्षिण पश्चिम रेलवे) बड़ी संख्या में टिकट (बल्क टिकट) बुक करने की अनुमति नहीं देगा। आपको ग्रुप में यात्रा करने वाले हर एक यात्र का नाम, उसकी उम्र, जेंडर, पता और यात्रा का उद्देश्य बताना होगा।
