0 डेढ़ महीने की बहन को खोने के गम में 10 साल की बड़ी बहन ने की इहलीला समाप्त …
कोरबा। जिले से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। बांगो थाना क्षेत्र के आमाटिकरा गांव में एक परिवार को कुछ ही घंटों के भीतर अपनी दो बेटियों को खोना पड़ा। डेढ़ महीने की मासूम बच्ची की इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं, छोटी बहन की मौत की खबर मिलने के बाद उसकी 10 वर्षीय बड़ी बहन ने भी कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।
👉सर्दी-खांसी और बुखार से पीड़ित थी मासूम
जानकारी के अनुसार, आमाटिकरा गांव निवासी सुखराम (35) मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। उनकी दो बेटियां थीं। बड़ी बेटी रूपकुंवर की उम्र 10 साल थी, जबकि छोटी बेटी रानी महज डेढ़ महीने की थी। बताया गया कि रानी को सर्दी, खांसी और बुखार की शिकायत थी। तबीयत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे पोड़ी-उपरोड़ा अस्पताल में भर्ती कराया था।
👉मेडिकल कॉलेज अस्पताल में चल रहा था इलाज
मासूम की हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे तीन दिन पहले मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया था। इसके बाद परिजन उसे वहां लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका उपचार चल रहा था। हालांकि, तमाम प्रयासों के बावजूद गुरुवार रात रानी ने दम तोड़ दिया। छोटी बेटी की मौत से माता-पिता गहरे सदमे में थे।
👉छोटी बहन की मौत की खबर से बड़ी बेटी भी नहीं संभल सकी

परिजनों के मुताबिक, छोटी बच्ची की मौत की सूचना गांव में रहने वाले रिश्तेदारों को दी गई थी। इसी दौरान 10 वर्षीय रूपकुंवर को भी अपनी छोटी बहन की मौत की जानकारी मिली। बताया जाता है कि दोनों बहनों के बीच काफी लगाव था। छोटी बहन को खोने का दुख रूपकुंवर बर्दाश्त नहीं कर सकी और घर में उसकी भी मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, उसने आत्महत्या की है।
👉घटना से गांव में पसरा मातम
एक ही परिवार की दो बेटियों की कुछ ही घंटों के अंतराल में मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना ने आमाटिकरा गांव सहित पूरे इलाके को झकझोर दिया है। फिलहाल इस दुखद घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।
