कोरबा। चक्रवाती अकवान तूफान का असर अब धार्मिक आयोजन पर भी पड़ा है। पुरानी बस्ती स्थित हसदेव नदी तट पर 24 नवंबर को होने वाला पुन्नी मेला खराब मौसम और घाट में पानी भरने के कारण जनवरी माह तक के लिए टाल दिया गया है। अब यह मेला मकर संक्रांति के दिन आयोजित किया जाएगा।
👉बैठक में सर्वसम्मति से लिया गया निर्णय
पुन्नी मेला आयोजन समिति की आज पुरानी बस्ती में आवश्यक बैठक हुई। बैठक में हालात की समीक्षा के बाद सर्वसम्मति से मेला स्थगित करने का फैसला लिया गया।
👉2 दिन की बारिश, खोलना पड़ा दर्री बराज का गेट

अकवान तूफान के कारण दो दिनों तक हुई बारिश से हसदेव नदी का जलस्तर बढ़ गया, जिसके चलते दर्री बराज का गेट खोला गया। बराज से पानी छोड़े जाने के बाद पुरानी बस्ती, दुरपा रोड और इंदिरा नगर क्षेत्र में हसदेव नदी तट पर पानी का भराव बढ़ गया। नदी घाट पर कीचड़ की स्थिति को देखते हुए श्रद्धालुओं को होने वाली परेशानी को ध्यान में रखकर समिति ने यह निर्णय लिया।
👉पहला आयोजन, तैयारियों पर फिरा पानी
कोरबा में यह पहला अवसर था जब सर्व समाज कोरबा के तत्वावधान में भव्य पुन्नी मेले का आयोजन होना था। लेकिन चक्रवाती तूफान ने तैयारियों पर पानी फेर दिया।
👉मकर संक्रांति पर भव्य आयोजन की तैयारी
आयोजन समिति के संयोजक निगम सभापति नूतनसिंह ठाकुर, पार्षद टामेश अग्रवाल, पार्षद ईश्वर पटेल, एल्डरमैन रविशंकर शुक्ला, पार्षद रवि सिंह चंदेल, पार्षद रूबि देवी सागर सहित समिति के सदस्यों ने जानकारी दी कि मकर संक्रांति के अवसर पर पूरी भव्यता और तैयारी के साथ पुन्नी मेले का आयोजन किया जाएगा।
