KORBA : यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के दावों का निकला दम ! दर्री थाना से डैम तक वाहनों की लगी लंबी कतार ,बालको -रूमगढ़ा और गेरवाघाट पुल में भी लगी जाम ,आमजन हुए हलाकान …

कोरबा। शहर की यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने के दावे एक बार फिर सड़कों पर दम तोड़ते नजर आए। दर्री थाना से लेकर डैम तक वाहनों की लंबी कतार लग गई, तो दूसरी ओर बालको-रूमगढ़ा मार्ग और गेरवाघाट पुल पर भी जाम के हालात ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी। शहर के अलग-अलग प्रमुख मार्गों पर वाहनों का दबाव ऐसा बढ़ा कि राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

दर्री थाना से डैम तक गाड़ियों का ऐसा रेला लगा कि वाहन चालक रेंगते हुए आगे बढ़ने को मजबूर रहे। यही हाल बालको-रूमगढ़ा मार्ग का भी रहा, जहां वाहनों की आवाजाही प्रभावित होने से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। गेरवाघाट पुल पर भी जाम ने आवागमन की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया। एक साथ कई प्रमुख मार्गों पर यातायात का बिगड़ा हाल देखकर व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।

हालात ऐसे बन गए कि मिनटों का सफर तय करने में लोगों को लंबा वक्त लगने लगा। दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों के साथ आम राहगीर भी जाम में फंसकर हलकान होते रहे। सवाल यह है कि जब शहर के प्रमुख मार्गों पर वाहनों की कतारें लग रही थीं, तब यातायात नियंत्रण की जिम्मेदारी संभालने वाला अमला आखिर कर क्या रहा था?

तीन प्रमुख मार्ग, एक ही तस्वीर… जाम से जनता बेहाल!

दर्री थाना से डैम, बालको-रूमगढ़ा मार्ग और गेरवाघाट पुल पर जाम के हालात ने यातायात प्रबंधन की तैयारियों की पोल खोल दी। क्या इन मार्गों पर यातायात का दबाव विभाग को नजर नहीं आता? क्या ट्रैफिक व्यवस्था केवल चालान काटने और कार्रवाई के आंकड़े दिखाने तक सीमित रह गई है?

👉जाम में जनता बेहाल, जिम्मेदारों से जवाब कौन मांगेगा?

दर्री से लेकर बालको और गेरवाघाट तक जाम में फंसे लोगों का समय और धैर्य दोनों जवाब देने लगे। नौकरीपेशा लोग, स्थानीय नागरिक और जरूरी काम से निकले राहगीर परेशान होते रहे। सबसे बड़ा सवाल आपातकालीन सेवाओं को लेकर है। यदि इसी दौरान एंबुलेंस या कोई अन्य जरूरी वाहन जाम में फंस जाए तो उसे रास्ता कौन देगा?

शहर की सड़कों पर जाम अब आम लोगों की नियति बनता जा रहा है। ऐसे में यातायात विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों को दफ्तरों से बाहर निकलकर सड़कों की हकीकत भी देखनी चाहिए। केवल कागजों पर यातायात व्यवस्था दुरुस्त होने से सड़क पर लगने वाला जाम खत्म नहीं होगा।

👉ट्रैफिक के कलाकारों से पांच तीखे सवाल!

  1. दर्री थाना से डैम तक जाम लगने पर यातायात अमला कहां था?
  2. बालको-रूमगढ़ा मार्ग पर यातायात नियंत्रण के लिए क्या नियमित ड्यूटी लगाई गई थी?
  3. गेरवाघाट पुल पर जाम खुलवाने के लिए मौके पर कितने जवान तैनात थे?
  4. शहर के प्रमुख मार्गों पर एक साथ जाम की स्थिति से निपटने के लिए विभाग के पास क्या कार्ययोजना है?
  5. आखिर आम जनता को इस बदहाल यातायात व्यवस्था से कब राहत मिलेगी?