कोरबा। हसदेव नदी एवं प्राकृतिक जल स्रोतों की स्वच्छता, संरक्षण और तटों के सौंदर्यीकरण के उद्देश्य से विगत तीन वर्षों से निरंतर कार्य कर रही नमामि हसदेव सेवा समिति द्वारा आज कोरबा प्रेस क्लब के तिलक भवन में पत्रकार वार्ता का आयोजन किया गया। समिति के पदाधिकारियों ने आगामी धार्मिक आयोजनों एवं नदी संरक्षण की कार्ययोजनाओं की विस्तृत जानकारी साझा की।

3 दिवसीय महायज्ञ एवं भव्य महाआरती समिति के कार्यकारी अध्यक्ष रणधीर पांडे एवं सचिव यशवंत कुमार मिश्रा ने बताया कि कार्तिक मास के पावन अवसर पर 22 नवंबर से 24 नवंबर 2026 तक मां सर्वमंगला मंदिर घाट पर ‘श्री लक्ष्मीनारायण महायज्ञ’ का आयोजन किया जाएगा। यज्ञ के समापन अवसर पर कार्तिक पूर्णिमा (देव दीपावली) के दिन भव्य ‘मां हसदेव महाआरती’ संपन्न होगी।
इस वर्ष की महाआरती का विशेष आकर्षण देशभर में नदियों के संरक्षण और आरती अभियान के लिए विख्यात निर्मोही अखाड़ा (चित्रकूट) से जुड़ीं दीदी मां साध्वी प्रज्ञा भारती जी की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी, जो स्वयं इस महाआरती में शामिल होंगी। पत्रकार वार्ता में नमामि हसदेव सेवा समिति के संरक्षक शेष सिंह ठाकुर, अध्यक्ष चंद्रकिशोर श्रीवास्तव, कार्यकारी अध्यक्ष रणधीर पांडे एवं सह-सचिव विजय राठौर मुख्य रूप से उपस्थित रहे। समिति ने समस्त कोरबावासियों से 22 से 24 नवंबर तक आयोजित महायज्ञ एवं कार्तिक पूर्णिमा की महाआरती में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है।
👉दर्री बांध से कुदुरमाल पुल तक रिवरफ्रंट निर्माण की मांग
समिति के पदाधिकारियों ने प्रेस वार्ता में पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि शुद्ध जल वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता और संकट है। कोरबा शहर और चांपा क्षेत्र में औद्योगिक राखड़ व गंदे पानी के कारण हसदेव नदी सर्वाधिक प्रदूषित हो रही है।
समिति ने जनप्रतिनिधियों, राज्य एवं केंद्र सरकार से दर्री बांध से लेकर कुदुरमाल पुल तक रिवरफ्रंट के निर्माण की पुरजोर मांग की है। समिति का मानना है कि रिवरफ्रंट बनने और फिल्टर प्लांट (STP) लगने से नदी में गंदा पानी व राखड़ जाना रुकेगा, साथ ही तटों पर योग, ध्यान और अन्य रचनात्मक गतिविधियों का संचालन हो सकेगा। इस मांग को लेकर आगामी महीनों में सर्वमंगला मंदिर से कलेक्ट्रेट तक जन-जागरण पदयात्रा निकालकर प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपने की भी योजना है।
👉जन-जागरण से दिख रहा सकारात्मक बदलाव
समिति ने बताया कि स्कूलों और समाज के बीच चलाए गए निरंतर जन-जागरण अभियान का सकारात्मक असर दिखने लगा है। अब लोग पूजा व हवन सामग्री को पॉलीथिन सहित नदी में फेंकने के बजाय केवल पूजन सामग्री ही प्रवाहित कर रहे हैं।
