कांकेर । छत्तीसगढ़ के कांकेर में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने GST अधिकारी अंचला गिरी को रिश्वत लेते पकड़ा है। अधिकारी ने एक स्क्रैप कारोबारी से गाड़ी छोड़ने के लिए डेढ़ लाख रुपए की रिश्वत मांगी थी। कारोबारी ने इसकी शिकायत ACB अधिकारियों से की थी।
जांच के बाद शनिवार को ACB की टीम ने अधिकारी के घर पर रेड मारी। कारोबारी पहले ही पैसे लेकर अधिकारी के घर पहुंचा था। इसकी भनक लगते ही साथी इमरान मेमन ने रिश्वत की रकम नाली में फेंक दी।
अधिकारी अंचला गिरी और इमरान को गिरफ्तार किया गया है। फिलहाल दोनों से पूछताछ की जा रही है। यह कार्रवाई जगदलपुर ACB की टीम ने की है।
👉10 लाख की पेनाल्टी लगाई, 2 लाख में मामला सेटल

शिकायतकर्ता कारोबारी मोहम्मद शोएब रंगरेज ने बताया कि 18 नवंबर को उनकी गाड़ी स्क्रैप लेकर जा रही थी। बिल होने के बावजूद गाड़ी को रोक लिया गया। उनका आरोप है कि अर्चना गिरी GST में अधिकृत नहीं थीं, इसके बावजूद उन्होंने गाड़ी रुकवाई और 10 लाख रुपए की पेनाल्टी मांगी, जबकि गाड़ी में लोड माल की कीमत सिर्फ 3 लाख रुपए थी।
कारोबारी के मुताबिक, अधिकारी ने गाड़ी जब्त करने और कार्रवाई करने की धमकी दी। मामला सेटल करने के लिए पहले 2 लाख रुपए मांगे गए, फिर डेढ़ लाख रुपए देने की बात हुई। इसमें से 50 हजार रुपए पेनाल्टी के तौर पर कटाने और बाकी रकम घर पहुंचकर देने की बात तय हुई।
👉रिश्वत दिलाने में मदद करने वाला भी पकड़ाया

ACB की जांच में इमरान मेमन की भूमिका भी सामने आई है। आरोप है कि GST अधिकारी अंचला गिरी ने कारोबारी से रिश्वत की रकम इमरान मेमन के जरिए ली। इमरान मेमन (30) कांकेर के संजयनगर का निवासी है। उसके खिलाफ भी भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 और 12 के तहत कार्रवाई की जा रही है।
वर्जन
बिल होने के बावजूद रोकी गाड़ी, मांगी रिश्वत

बिल होने के बावजूद मेरी स्क्रैप से भरी गाड़ी रोककर 10 लाख रुपए की पेनाल्टी मांगी गई। मामला सेटल करने के लिए अंचला मैडम ने पहले 2 लाख और फिर डेढ़ लाख रुपए मांगे।
मोहम्मद शोएब रंगरेज
स्क्रैप कारोबारी
वर्जन
सहयोगी को भी किया गिरफ्तार

GST विभाग में पदस्थ असिस्टेंट कमिश्नर अंचला गिरी को डेढ़ लाख रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा गया। सहयोगी इमरान को भी गिरफ्तार किया गया है।
रमेश कुमार मरकाम
ACB अधिकारी
