कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के प्रगतिनगर स्थित दर्री डेम में रविवार को एक 21 वर्षीय युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान अर्जुन सिंह के रूप में हुई है, जो बांगो थाना में पदस्थ सहायक उपनिरीक्षक (ASI) धनंजय सिंह का बेटा था। युवक 18 नवंबर से लापता था। मछुआरों ने डेम के पानी में शव तैरता देखा और पुलिस को सूचना दी। फिलहाल युवक की मौत की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है।
👉मछली पकड़ने पहुंचे मछुआरों ने देखा शव

जानकारी के अनुसार, कुछ मछुआरे मछली पकड़ने के लिए दर्री डेम पहुंचे थे। इसी दौरान उन्हें पानी में एक युवक का शव तैरता दिखाई दिया। मछुआरों ने तत्काल पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही दर्री थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मछुआरों की मदद से शव को पानी से बाहर निकाला।
मौके पर पहुंचे ASI धनंजय सिंह ने शव की पहचान अपने बेटे अर्जुन सिंह के रूप में की। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
👉18 नवंबर को कॉलेज जाने निकला था युवक
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, अर्जुन सिंह 18 नवंबर को बाइक से कॉलेज जाने के लिए घर से निकला था, लेकिन वह कॉलेज नहीं पहुंचा। इसके बाद परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। काफी खोजबीन के बावजूद उसका कोई पता नहीं चल पाया। चार दिन बाद रविवार को दर्री डेम में उसका शव बरामद हुआ।
जांच में युवक के मोबाइल फोन की आखिरी लोकेशन दर्री डेम के पास मिली है। हालांकि पुलिस को अब तक उसका मोबाइल और बाइक नहीं मिले हैं। ऐसे में वह डेम तक किन परिस्थितियों में पहुंचा और उसके साथ क्या हुआ, इसकी जांच की जा रही है।
👉पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी मौत की वजह
पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने बताया कि दर्री थाना क्षेत्र के दर्री डेम में शव मिलने की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। शव की पहचान 21 वर्षीय अर्जुन सिंह के रूप में हुई है। उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस युवक के लापता होने से लेकर शव मिलने तक की परिस्थितियों की जांच कर रही है। मोबाइल फोन और बाइक की तलाश भी जारी है।
