CG : बड़ी खबर 💥4 सूत्रीय मांगों को लेकर 41 दिनों से बेमियादी हड़ताल में डटे पटवारियों ने स्थगित की हड़ताल,CM साय के साथ बैठक के बाद किया ऐलान , वेतन विसंगति और पदोन्नति पर बनेगी हाईलेवल कमेटी,कल से आम जनता को मिलेगी बड़ी राहत …

रायपुर। छत्तीसगढ़ में 4 सूत्रीय मांगों को लेकर 13 अक्टूबर से आंदोलन कर रहे पटवारियों ने राज्यव्यापी हड़ताल स्थगित करने का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के साथ मुख्यमंत्री निवास में हुई सकारात्मक चर्चा के बाद छत्तीसगढ़ पटवारी संघ ने यह निर्णय लिया। बैठक में मुख्यमंत्री ने पटवारियों की मांगों को गंभीरता और सहानुभूति के साथ सुना तथा उनके समाधान के लिए उच्चस्तरीय समिति गठित करने के निर्देश दिए। सरकार के इस आश्वासन के बाद पटवारी संघ ने हड़ताल को फिलहाल स्थगित करने की घोषणा की और मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया।

👉मुख्यमंत्री निवास में पटवारी संघ के पदाधिकारियों से हुई चर्चा

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से पटवारी संघ के पदाधिकारियों ने औपचारिक मुलाकात कर अपनी समस्याओं और लंबित मांगों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। इस दौरान संघ ने वेतन विसंगति और पदोन्नति से जुड़े मुद्दे मुख्यमंत्री के सामने रखे। मुख्यमंत्री ने पदाधिकारियों की बात धैर्यपूर्वक सुनी और कहा कि कर्मचारियों की उचित मांगों का समाधान संवाद और आपसी समझ के जरिए किया जाना चाहिए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार कर्मचारियों की समस्याओं के प्रति संवेदनशील है।

👉वेतन विसंगति और पदोन्नति के लिए गठित होगी उच्चस्तरीय समिति

पटवारियों की प्रमुख मांगों पर कार्रवाई करते हुए मुख्यमंत्री ने वेतन विसंगति और पदोन्नति से संबंधित विषयों के परीक्षण के लिए उच्चस्तरीय समिति गठित करने के निर्देश दिए। यह समिति दोनों मांगों के विभिन्न पहलुओं का अध्ययन करेगी और उनके निराकरण के संबंध में सरकार को अपनी अनुशंसाएं प्रस्तुत करेगी। समिति की अनुशंसाओं के आधार पर मांगों के समाधान की दिशा में आगे की प्रक्रिया तय होगी।

👉हड़ताल के दौरान हुई कार्यवाहियों पर भी सरकार का आश्वासन

बैठक में हड़ताल की अवधि के दौरान पटवारियों के खिलाफ हुई कार्यवाहियों का मुद्दा भी सामने आया। मुख्यमंत्री ने इस संबंध में सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का आश्वासन दिया। इससे पटवारी संघ को अपनी मांगों पर बातचीत के जरिए समाधान निकलने की उम्मीद मिली है। हालांकि, सरकार की ओर से कार्यवाहियों को स्वतः समाप्त करने की घोषणा नहीं की गई है, बल्कि उन पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने की बात कही गई है।

👉सकारात्मक बातचीत के बाद संघ ने लिया हड़ताल स्थगित करने का फैसला

मुख्यमंत्री के सकारात्मक रुख, उच्चस्तरीय समिति गठित करने के निर्देश और हड़ताल अवधि की कार्यवाहियों पर विचार के आश्वासन के बाद पटवारी संघ ने राज्यव्यापी हड़ताल स्थगित करने की घोषणा की। संघ के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया। इस फैसले से प्रदेश में पटवारियों के आंदोलन को लेकर फिलहाल बनी गतिरोध की स्थिति समाप्त होने की उम्मीद है। अब सभी की नजरें उच्चस्तरीय समिति की समीक्षा और उसकी अनुशंसाओं पर रहेंगी।

👉इन मांगों को लेकर कर रहे थे हड़ताल

पीवी ऐप का विरोध और व्यावहारिक दिक्कतें: पटवारी संघ का कहना है कि नए पीवी ऐप के जरिए फसल भौतिक सत्यापन (गिरदावरी) करने में तकनीकी और व्यावहारिक समस्याएं आ रही हैं, और इसमें सुधार या इसे बंद करने की मांग की जा रही है।

दंडात्मक कार्रवाई का विरोधः पीवी ऐप के बहिष्कार के चलते पटवारियों पर किए जा रहे तबादलों, नोटिस और निलंबन जैसी दंडात्म कार्रवाइयों को तुरंत निरस्त करने की मांग है।

वेतन विसंगति का निराकरण: वर्ष 2017 में ग्रेड-पे 2200 रुपये से बढ़ाकर 2400 रुपये किए जाने के बाद तहसील और जिला स्तर पर हुई विसंगतियों को दूर करने की मांग।

पदोन्नतिः वर्षों से लंबित पटवारियों की पदोन्नति का रास्ता खोलने की मांग (नायब तहसीलदार आदि पदों पर समय पर प्रमोशन दिए जाएं)।

अन्य स्थानीय मांगेंः भुइयां पोर्टल में मैनुअल फसल प्रविष्टि का विकल्प शुरू करना और राजस्व सर्वेक्षण से जुड़ी मांगें शामिल हैं।