CG : सुप्रीम कोर्ट का फरमान पौने 2 साल बाद चढ़ा परवान, जेलों में VIP कल्चर खत्म,58 साल पुराने नियमों में सरकार ने किए ये बड़े बदलाव …

रायपुर। सरकार ने सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुपालन में 58 साल पुराने छत्तीसगढ़ कारागार नियम, 1968 के सात प्रावधानों में बड़ा बदलाव किया है। इस संशोधन के बाद अब जेलों में बंदियों की सामाजिक हैसियत, शिक्षा या रहन-सहन के स्तर के आधार पर उन्हें अलग श्रेणी में नहीं रखा जाएगा। साथ ही कैदियों को काम सौंपने में जाति या सामाजिक पृष्ठभूमि के बजाय रोटेशन की व्यवस्था लागू होगी।

👉सुप्रीम कोर्ट के निर्देश और देरी से हुआ अमल

यह कदम पत्रकार सुकन्या शांता की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट द्वारा दिए गए उस ऐतिहासिक फैसले के बाद उठाया गया है, जिसमें अदालत ने जेलों के भीतर जातिगत भेदभाव और आदतन अपराधियों से जुड़े भेदभावपूर्ण नियमों को असंवैधानिक ठहराया था। कोर्ट ने सफाई व झाडू लगाने जैसे काम हाशिये की जातियों के बंदियों को देने और रसोई के काम विशेष जातियों तक सीमित रखने पर कड़ी आपत्ति जताई थी।

👉22 महीने बाद यह बदलाव लागू हुआ

सुप्रीम कोर्ट ने 3 अक्टूबर 2024 को राज्यों को तीन महीने के भीतर जेल मैनुअल में संशोधन करने का आदेश दिया था। इस हिसाब से छत्तीसगढ़ को जनवरी 2025 तक नियम बदलने थे, लेकिन राज्य सरकार ने नवंबर 2026 में संशोधन अधिसूचित किया, यानी तय समयसीमा से करीब 22 महीने बाद यह बदलाव लागू हुआ। फरवरी 2025 की सुनवाई में अनुपालन रिपोर्ट न सौंपने वाले राज्यों में छत्तीसगढ़ और दिल्ली शामिल थे, जिन्हें अदालत ने एक सप्ताह का अतिरिक्त समय दिया था।

👉रसोइयों की नियुक्ति और काम के आवंटन में बदलाव

अब कैदियों को काम रोटेशन के आधार पर दिया जाएगा, जिससे जाति या सामाजिक पृष्ठभूमि के आधार पर काम बांटने की परंपरा खत्म होगी। हालांकि इस रोटेशन व्यवस्था में शौचालयों की सफाई को शामिल नहीं किया गया है। इसके लिए जिम्मेदारियां कैसे तय होंगी और इसके पीछे क्या कारण है, इसे लेकर नियम में स्पष्टता नहीं दी गई है। रसोइयों की नियुक्ति से जुड़े नियम 562 में संशोधन कर अन-अभ्यासिक वर्ग में से होने की शर्त हटा दी गई है।

👉विचाराधीन बंदियों के लिए खत्म हुई विशेष सुविधा की गुंजाइश

नए संशोधनों के तहत नियम 307, 369 और 421 को पूरी तरह हटा दिया गया है, जबकि नियम 395 के उपनियम (8) के एक खंड में भी बदलाव किया गया है। सबसे अहम बदलाव नियम 385 में किया गया है, जिससे उच्च जीवन स्तर का आदी होने से जुड़ा प्रावधान हटा दिया गया है।

👉अमीर और टैक्सपेयर बंदियों को मिलने वाली विशेष सुविधा खत्म

पहले यह प्रावधान केवल विचाराधीन बंदियों पर लागू होता था, जबकि सजायाफ्ता कैदियों के लिए पहले से एक समान व्यवस्था थी। पुराने नियम के तहत यदि कोई आर्थिक रूप से संपन्न, उच्च सामाजिक स्थिति वाला या आयकरदाता विचाराधीन बंदी अदालत में अपनी पृष्ठभूमि का हवाला देता था, तो उसे जेल में विशेष सुविधाएं मिल सकती थीं। इस प्रावधान के हटने के बाद जेलों में वीआईपी व्यवस्था समाप्त हो गई है और सभी विचाराधीन बंदियों को समान दर्जा मिलेगा।