रायपुर। छत्तीसगढ़ में सरकारी टेंडर जारी करने और उनमें बोली लगाने की प्रक्रिया में बड़ा बदलाव होने जा रहा है। 1 दिसंबर 2026 से प्रदेश के सभी सरकारी विभागों के लिए GePNIC (Government e-Procurement System) पोर्टल के माध्यम से निविदा प्रक्रिया संचालित करना अनिवार्य होगा। अभी तक यह व्यवस्था लोक निर्माण विभाग (PWD) में लागू थी, लेकिन अब इसे सभी विभागों तक विस्तार दिया जा रहा है। नई प्रणाली लागू होने के बाद टेंडर जारी करने से लेकर ऑनलाइन बोली प्राप्त करने और तकनीकी एवं वित्तीय मूल्यांकन तक की प्रक्रिया एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर पूरी होगी।
👉PWD के बाद अब सभी विभागों में लागू होगी नई व्यवस्था
छत्तीसगढ़ लोक निर्माण विभाग ने ई-टेंडरिंग प्रणाली में बदलाव करते हुए 1 अक्टूबर 2026 से सभी नई निविदाएं GePNIC पोर्टल पर जारी करना शुरू किया था। इसके लिए विभाग के इंजीनियर-इन-चीफ वीके भटपहरी ने अधिकारियों, कर्मचारियों और कॉन्ट्रैक्टर एसोसिएशन के प्रतिनिधियों को पत्र भेजकर जरूरी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए थे।
👉PWD ने ठेकेदारों के लिए नए पोर्टल पर पंजीकरण अनिवार्य
किया था। नई व्यवस्था को समझाने के लिए प्रशिक्षण की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई थी। अब 1 दिसंबर से इसी प्रणाली को प्रदेश के सभी सरकारी विभागों में लागू करने की तैयारी है।
👉टेंडर जारी करने से मूल्यांकन तक पूरी प्रक्रिया होगी ऑनलाइन

नई व्यवस्था का उद्देश्य सरकारी निविदाओं की पूरी प्रक्रिया को एक डिजिटल प्लेटफॉर्म पर लाना है। इसके तहत केवल टेंडर प्रकाशित करने का काम ही ऑनलाइन नहीं होगा, बल्कि बोली प्राप्त करने से लेकर उसके मूल्यांकन और आगे की कार्रवाई तक सभी चरण GePNIC के माध्यम से संचालित होंगे।
इस प्रणाली के तहत टेंडर तैयार करने और जारी करने, निविदा दस्तावेज ऑनलाइन उपलब्ध कराने, ठेकेदारों से ऑनलाइन बिड प्राप्त करने, तकनीकी बोली का मूल्यांकन और वित्तीय बोली की जांच जैसी प्रक्रियाएं डिजिटल रूप से पूरी की जाएंगी।
👉ठेकेदारों को कराना होगा GePNIC पर रजिस्ट्रेशन
नई व्यवस्था लागू होने के बाद सरकारी टेंडर में हिस्सा लेने वाले ठेकेदारों और कंपनियों के लिए GePNIC पोर्टल पर पंजीकरण जरूरी होगा। जिन ठेकेदारों ने अब तक नए पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन नहीं कराया है, उन्हें समय रहते यह प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
PWD में व्यवस्था लागू होने के दौरान ठेकेदारों को पोर्टल पर नामांकन (Enrollment) कराने के निर्देश दिए गए थे। इसके साथ ही डिजिटल सिग्नेचर सर्टिफिकेट (DSC) और अन्य तकनीकी औपचारिकताएं पूरी करने पर भी जोर दिया गया था। सभी विभागों में नई प्रणाली लागू होने के बाद ठेकेदारों को संबंधित निविदाओं में भाग लेने के लिए इसी पोर्टल की प्रक्रिया का पालन करना होगा।
👉अधिकारियों और कर्मचारियों को भी करनी होगी तैयारी
नई ई-टेंडरिंग व्यवस्था के लिए केवल ठेकेदारों को ही नहीं, बल्कि विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों को भी तकनीकी रूप से तैयार रहना होगा। PWD में निविदा आमंत्रित करने वाले अधिकारियों, तकनीकी एवं वित्तीय मूल्यांकन समितियों के सदस्यों और संबंधित कर्मचारियों को यूजर आईडी बनाने, रोल मैपिंग तथा डिजिटल सिग्नेचर सर्टिफिकेट से जुड़ी औपचारिकताएं पूरी करने के निर्देश पहले ही दिए जा चुके हैं। अब अन्य विभागों में भी इस तरह की तैयारियां महत्वपूर्ण होंगी।
👉पुराने पोर्टल पर चल रहे टेंडरों का क्या होगा?
PWD की ओर से जारी पूर्व निर्देशों के मुताबिक, 30 सितंबर 2026 तक पुराने ई-प्रोक्योरमेंट पोर्टल पर प्रकाशित निविदाओं से जुड़ी बोली प्राप्त करने, मूल्यांकन, मंजूरी और अन्य लंबित प्रक्रियाएं 31 मार्च 2027 तक पुराने पोर्टल पर ही पूरी की जानी हैं। हालांकि, यह समय-सीमा PWD की पुरानी निविदाओं के लिए जारी व्यवस्था से संबंधित है। दूसरे सरकारी विभागों में पहले से चल रहे टेंडरों के संबंध में कौन-सी प्रक्रिया लागू होगी, इसकी विभागवार स्थिति स्पष्ट होना बाकी है।
👉क्या है GePNIC पोर्टल?
GePNIC यानी Government e-Procurement System राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (NIC) द्वारा विकसित ऑनलाइन निविदा प्रणाली है। NIC केंद्र सरकार के इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के अंतर्गत काम करता है। इस पोर्टल के माध्यम से सरकारी विभाग और संस्थाएं वस्तुओं, सेवाओं तथा निर्माण कार्यों से संबंधित निविदाओं की प्रक्रिया ऑनलाइन संचालित कर सकते हैं।
छत्तीसगढ़ में इस व्यवस्था के विस्तार से सरकारी टेंडर प्रक्रिया को एकीकृत डिजिटल प्लेटफॉर्म पर लाने की दिशा में बड़ा बदलाव होगा। इसका सीधा असर सरकारी ठेकों में हिस्सा लेने वाले ठेकेदारों, कंपनियों और विभागीय अधिकारियों पर पड़ेगा।
