CG : धान खरीदी अभियान के बीच सहकारिता विभाग में बड़ी प्रशासनिक सर्जरी से मचा हड़कम्प,7 DR,8 AR,2CEO ,9 CI समेत 28 अधिकारी-कर्मचारियों का तबादला,पहले से अमले की कमी से जूझ रहे कोरबा जिले के 2 Ci भी शामिल

0 धान खरीदी से लेकर समितियों के पंजीयन,ऑडिट,निर्वाचन प्रशासनिक ,वित्तीय कार्य पर पड़ेगा असर …

हसदेव एक्सप्रेस न्यूज रायपुर – कोरबा। धान खरीदी अभियान के बीच गुरुवार को सहकारिता विभाग में बड़ी प्रशासनिक सर्जरी हुई है। अवर सचिव सहकारिता विभाग ने 28 अधिकारी कर्मचारियों का तबादला उपरांत नवीन स्थानांतरण आदेश जारी किया है। जारी आदेश में 7 उप आयुक्त सहकारिता एवं उप पंजीयक(DR) , 8 सहायक पंजीयक(AR) ,3 सहकारिता विस्तार अधिकारी(CEO) ,9 सहकारी निरीक्षक (Ci)समेत 1 सहायक ग्रेड-2 (लिपिक) शामिल हैं। धान खरीदी अभियान के बीच हुई इस कार्रवाई को विभाग को प्राप्त शिकायतों के आधार पर प्रशासनिक व्यवस्था को सुदृढ पारदर्शी बनाए रखने शासन की जीरो टॉलरेंस नीति की मंशानुरूप की गई कार्रवाई से जोड़कर देखा जा रहा है। वहीं पहले से ही अमले की भारी कमी से जूझ रहे जिलों में इस स्थानांतरण आदेश से धान खरीदी से लेकर समितियों के पंजीयन,ऑडिट,निर्वाचन प्रशासनिक ,वित्तीय कार्य पर असर पड़ने के आसार जताए जा रहे हैं।

यहाँ बताना होगा कि प्रदेश में 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का कार्य जारी है। लेकिन इसी बीच गुरुवार को सहकारिता विभाग में 28 अधिकारी कर्मचारियों के हुए स्थानांतरण आदेश ने महकमे में भूचाल ला दिया है। कुछ इसे प्रशासनिक व्यवस्था में कसावट की दृष्टिकोण से देख रहे हैं तो कई धान खरीदी अभियान शुरू होने के बाद अधिकारी कर्मचारियों की ड्यूटी लगाए जाने के उपरांत की गई इस कार्रवाई पर ही सवाल उठा रहे हैं। बहरहाल विभाग ने 5 दिनों के भीतर अधिकारी कर्मचारियों को नवीन कार्यस्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए हैं। आदेश की अवेहलना पर संबंधित अधिकारी कर्मचारियों को एकपक्षीय भारमुक्त माना जावेगा।

👉2 सहकारी निरीक्षक के तबादले से कोरबा में आधे से भी कम हो गया अमला, उठे सवाल अतिरिक्त प्रभार से कैसे चलेगा कामकाज ? …

गुरुवार को सहकारिता विभाग द्वारा जारी किए गए स्थानांतरण आदेश में आकांक्षी जिला कोरबा प्रभावित हुआ है। यहाँ कार्यालय उप आयुक्त सहकारिता एवं उप पंजीयक सहकारी संस्थाएं में पदस्थ सहकारी निरीक्षक लक्ष्मीनारायण जायसवाल (प्रभारी सहकारिता विस्तार अधिकारी विकासखण्ड करतला) एवं भूपेंद्र साहू ( प्रभारी सहकारिता विस्तार अधिकारी विकासखण्ड पाली ) का तबादला कर दिया गया है। श्री जायसवाल का स्थानांतरण
सहकारिता विस्तार अधिकारी विकासखण्ड पेंड्रा ,कार्यालय उप आयुक्त सहकारिता एवं उप पंजीयक सहकारी संस्थाएं गौरेला -पेंड्रा -मरवाही के पद पर कर दिया गया है तो वहीं श्री साहू का तबादला सहकारिता विस्तार अधिकारी विकासखण्ड पेंड्रा ,कार्यालय उप आयुक्त सहकारिता एवं उप पंजीयक सहकारी संस्थाएं गौरेला -पेंड्रा -मरवाही के पद पर कर दिया गया है। बात करें कोरबा में पदस्थ अमले की तो यहाँ 2 सहकारी निरीक्षकों के तबादले से पदस्थ सहकारी निरीक्षकों की संख्या महज 6 रह जाएगी । इनमें से 2 वरिष्ठ सहकारी निरीक्षक हैं। बात करें पदस्थापना की तो कोरबा जिले में सेटअप के अनुसार कुल 34 पद स्वीकृत हैं। इनमें 1 उप पंजीयक,1 सहायक पंजीयक ,1 अंकेक्षण अधिकारी ,4 वरिष्ठ सहकारी निरीक्षक ,7 सहकारी निरीक्षक ,5 सहकारिता विस्तार अधिकारी , 7 उप अंकेक्षक ,3 सहायक ग्रेड़ -3 ,2 सहायक ग्रेड-2 ,1 सहायक ग्रेड-1 एवं 3 भृत्य शामिल हैं। जिसमें से वर्तमान में महज 9 पदों पर अधिकारी पदस्थ थे। इनमें उप पंजीयक ,2 वरिष्ठ सहकारी निरीक्षक एवं 6 सहकारी निरीक्षकों के पद पर पदस्थापना की जा सकी है।,सहायक पंजीयक, अंकेक्षक ,उप अंकेक्षक , सहकारिता विस्तार अधिकारी ,एवं लिपकों के पद पूरी तरह रिक्त हैं। 60 समितियों में से 39 समितियों में संचालक मण्डल का चुनाव नहीं हो पाने की वजह से एवं शासन द्वारा अशासकीय व्यक्तियों(जनप्रतिनिधियों) को प्राधिकृत अधिकारी के तौर पर नामित नहीं किए जाने की वजह से मौजूदा अमले के एक एक वरिष्ठ सहकारी निरीक्षक, सहकारी निरीक्षक को 5 से 7 समितियों का प्राधिकृत अधिकारी की अतिरिक्त जिम्मेदारी दी गई है। इनमें श्री जायसवाल करतला एवं श्री साहू को क्रमशः करतला एवं पाली के सहकारिता विस्तार अधिकारी की दोहरी अतिरिक्त जिम्मेदारी दी गई थी। अब इनके स्थानांतरण उपरांत उप पंजीयक समेत 7 अधिकारी रह गए हैं। इनमें 2 वरिष्ठ सहकारी निरीक्षक दीपक कंवर, संतोष कंवर तो 4 सहकारी निरीक्षक हरि चौहान ,जी. डी.पांडे, श्रीमती सुष्मिता लकड़ा एवं श्रीमती सुभद्रा सिदार रह गई हैं। इन सबके कंधों पर 554 प्राथमिक सहकारी समितियों की पंजीयन, ऑडिट,निर्वाचन से लेकर प्रशासनिक से लेकर तमाम वित्तीय व्यवस्था की जिम्मेदारी आ गई है।

👉क्या पड़ेगा असर

2 -2 सहकारी निरीक्षकों के तबादले से कोरबा में सहकारिता विभाग के कार्यदायित्व पर खासा प्रभाव पड़ने के आसार जताए जा रहे हैं। जिसमें वर्तमान धान खरीदी से लेकर प्राथमिक सहकारी समितियों के पंजीयन ,ऑडिट ,निर्वाचन सम्बंधी कार्यों के प्रभावित होने के आसार हैं। लिपिकों के पद रिक्त होने की वजह से सहकारी निरीक्षक स्वयं लिपिकीय कार्य भी संपादित कर रहे थे। लिहाजा प्रशासनिक से लेकर लिपिकीय वित्तीय कार्य भी प्रभावित होंगे। दिसंबर -जनवरी माहान्त तक 2 सहकारी निरीक्षकों के वरिष्ठ सहकारी निरीक्षक के पद पर पदोन्नति के आसार हैं। जिनका जिले से अन्यत्र स्थानांतरण का भी प्रबल संभावनाएं हैं। लिहाजा जल्द अगर शासन ने यहां सहकारी निरीक्षकों की पदस्थापना नहीं कि तो सहकारिता विभाग की गाड़ी पटरी से उतर जाएगी।

👉प्रशासनिक कार्रवाई में राजनीतिक दखल

हसदेव एक्सप्रेस को विश्वस्त सूत्रों से प्राप्त जानकारी अनुसार सहकारिता विभाग में प्रशासनिक आधार पर गुरुवार को धान खरीदी अभियान के बीच निकले 28 अधिकारी कर्मचारियों के स्थानांतरण के पीछे राजनीतिक दखल बड़ी वजह मानी जा रही है।माननीयों के अनुशंसा के आधार पर तबादले की यह बड़ी कार्रवाई हुई है।