राज्योत्सव पर आज किसानों को मिलेगी न्याय योजना की तीसरी किश्त

जिले के 23 हजार 832 किसानों को मिलेंगेे 17 करोड़ 52 लाख रूपये

कोरबा – मुख्यमंत्री भूपेश बघेल कल राज्य स्थापना दिवस के मौके पर जिले के 23 हजार 832 किसानों के बैंक खातों में राजीव गांधी किसान न्याय योजना के तहत तीसरी किश्त के रूप में 17 करोड़ 52 लाख 41 हजार रूपये की राशि का ऑनलाइन अंतरण करेंगे।

वर्ष 2019 से छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा राजीव गांधी किसान न्याय योजना के तहत किसानों को खेती-किसानी में पर्याप्त निवेश और काश्त लागत में राहत देने के लिए आदान सहायता राशि प्रदान की जा रही है। जिले के किसानों को पहली किश्त के रूप में 17 करोड़ 85 लाख और दूसरी किश्त के रूप में 17 करोड़ 87 लाख रूपये से अधिक राशि पहले ही मिल चुकी है। अब राज्योत्सव पर दीवाली से पहले 17 करोड़ 52 लाख रूपये से अधिक की राशि किसानों को मिलने से रबी फसलों की खेती के लिये जरूरी सहायता के साथ-साथ दीवाली पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाने के लिये भी सहायता मिल जायेगी। तीसरी किश्त को मिलाकर जिले के धान बेचने वाले 23 हजार 832 किसानों के खातों में राजीव गांधी किसान न्याय योजना के तहत राज्य सरकार द्वारा 53 करोड़ 25 लाख रूपये से अधिक की राशि जमा हो जायेगी।
मुख्यमंत्री श्री बघेल कल दोपहर 12 बजे मुख्यमंत्री निवास कार्यालय से वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित राज्योत्सव के सादे समारोह में इस राशि का इलेक्ट्राॅनिक माध्यम से किसानों के खाते में सीधे अंतरण करेंगे। राजीव गांधी किसान न्याय योजना से किसानों को धान, गन्ना तथा मक्का लगाने के लिए सहकारी समिति के माध्यम से आदान सहायता राशि दी जा रही है। आने वाले समय में इस योजना में खरीफ मौसम में सोयाबीन, मूंगफली, तिल, अरहर, मूंग, उड़द, कुल्थी, रामतिल, कोदो, कुटकी उत्पादक किसानों को शामिल किया जाएगा।
कोरबा जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2019-20 के दौरान 23 हजार 832 किसानों से नौ लाख 88 हजार क्विंटल से अधिक धान खरीदा गया है। राजीव गांधी किसान न्याय योजना के तहत धान बेचने वाले इन सभी किसानों को चार किश्त में कुल 67 करोड़ 62 लाख रूपये से अधिक की प्रोत्साहन राशि दी जा रही है। इसमें से किसानों को दो किश्तों में पहले मई एवं अगस्त महीने में 35 करोड़ 73 लाख रूपये प्रदान किये जा चुके हैं। राज्योत्सव के अवसर पर कल जिले के किसानों के खातों में तीसरी किश्त के रूप में 17 करोड़ 52 लाख रूपये से अधिक की राशि जमा होंगी।