चरित्र शंका में पति ने दोस्तों के साथ मिलकर पत्नी को रास्ते में खींच-खींचकर पीटा, सास ने भी बहू की पिटाई की; 5 गिरफ्तार…

आलीराजपुर में महिला और युवक की जमकर पिटाई का मामला सामने आया है। पिटाई महिला के चरित्र पर शक को लेकर की गई। पिटाई का वीडियो भी सामने आया है। जिसमें पति, अपने माता-पिता और दो दोस्तों के साथ मिलकर डंडे से महिला और युवक को पीट रहा है। पिटाई के दौरान महिला के कपड़े को भी अलग कर देता है। पुलिस ने इस मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। इसके पहले भी जिले में महिला और दो सगी बहनों से मारपीट का वीडियो सामने आ चुका है।

मामला सोंडवा थाना क्षेत्र की उमराली चौकी के ग्राम छोटी वेगलगांव का है। पति पत्नी के चरित्र पर शंका करता था। शुक्रवार शाम उसने गांव के ही एक अन्य युवक के साथ उसे देख लिया। उसने अपने दो दोस्तों और माता-पिता के साथ मिलकर पत्नी की पिटाई शुरू कर दी। वह उसे लकड़ी से पीट रहा है और पास खड़ी युवक की मां उसे उकसा रही है। इस काम में दो दोस्त और उसका पिता भी उसकी मदद कर रहे हैं। उन्होंने पत्नी के साथ मिले युवक को भी जमकर पीटा।

पत्नी की पिटाई करने वाला वीडियो सामने आने के बाद पुलिस हरकत में आई। इसकी जांच कर आरोपियों तक पहुंच गई। पुलिस ने वीडियो के आधार पर महिला के पति, ससुर, सास, पति के दोस्त राकेश (22) पिता नांगलिया और गोलू (21) उर्फ प्रशांत झिंगला को गिरफ्तार किया। एसपी मनोज कुमार सिंह ने बताया महिला के पति, सास, ससुर और पति के दो दोस्तों को गिरफ्तार किया है। वीडियो बना रहे एक नाबालिग को भी हिरासत में लिया है। आरोपियों पर धारा 307, 323, 294, 506, 354, 355, 34 और आईटी एक्ट में प्रकरण दर्ज किया है।

सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जागरूकता की जरूरत
एसपी मनोज कुमार सिंह ने महिला के पति, सास, ससुर और पति के दो दोस्तों को गिरफ्तार कर लिया है। पूरे क्षेत्र में शिक्षा के प्रचार-प्रसार की काफी आवश्यकता है। ताकि महिलाओं के साथ होने वाली इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।