राम वन गमन पथ का उद्घाटन 7 को, चंदखुरी में भव्य आयोजन की तैयारी

भगवान श्री राम की माता कौशल्या का मायके और राम के ननिहाल को विकसित करने के लिए राज्य सरकार की ओर से माता कौशल्या का भव्य मंदिर तैयार कराया जा रहा है। साथ ही 7 अक्टूबर को राम वन गमन पथ का उद्घाटन भी किया जाना है। पढ़िए पूरी खबर..

रायपुर। प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के मार्गदर्शन में भगवान राम के ननिहाल का सौंदर्यीकरण किया जा रहा है। सरकार का मानना है कि मर्यादा पुरुषोत्तम राम ने अपने वनवास के कुछ दिन छत्तीसगढ़ में भी गुजारे थे। उनके पदचिन्ह छत्तीसगढ़ की पावन भूमि पर पड़े हैं। इसलिए उन स्थानों को विकसित किया जा रहा है, जहां से राम, लक्ष्मण और माता सीता गुजरी थीं। इसी के मद्देनजर चंदखुरी में माता कौशल्या मंदिर तैयार किया गया और राम वन गमन पथ का उद्घाटन किया जाना है। राम के पदचिन्ह जहां-जहां पड़े हैं उन स्थानों का सौंदर्यीकरण किया जाएगा। 7 अक्टूबर को चंदखुरी में आयोजित होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों में मशहूर गायक शंकर महादेवन समेत राष्ट्रीय, अंतराष्ट्रीय स्तर के प्रख्यात अनेक कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। इंडियन ओसियन बैंड द्वारा छत्तीसगढ़ एवं राम वन गमन पर्यटन परिपथ के लिए विशेष रूप से तैयार किया गया गीत भी प्रस्तुत किया जाएगा।