दुर्ग/ छत्तीसगढ़ की दुर्ग पुलिस सवालों के घेरे में है। दुर्ग में पुलिस के रजिस्टर में फरार चल रहे बदमाश हथियार लेकर माता की चुनरी शोभायात्रा के दौरान नाचते हुए दिखाई दिए। हाथों में चापड़ और पिस्टल खुलेआम लहराते इन बदमाशों का वीडियो भी सामने आया है। यह शोभायात्रा 3 दिन पहले ही शहर में निकली थी। खास बात यह है कि यात्रा की व्यवस्था में खुद पुलिस मौजूद थी। अब अफसर कह रहे हैं कि हम जल्द ही बदमाशों को पकड़ लेंगे।

शोभायात्रा के दौरान हथियार लेकर नाचता युवक। पुलिस व्यवस्था के बाद भी नहीं दिखा डर यह शोभायात्रा शहर के चंडी मंदिर चौक से गुजरी थी। यह एक ऐसा चौक है जहां पर हर समय पुलिस रहती है। पुलिस की मौजूदगी के बाद भी चौक पर बदमाश खुलेआम हथियार लेकर नाचते रहे। इसके बाद भी पुलिस ने पकड़ना तो दूर, रोकने का भी प्रयास नहीं किया। कुछ पुलिसकर्मियों ने तो हथियार को खिलौना तक बता डाला। जबकि उसे चेक तक नहीं किया। पुलिस के झूठे दावों की खुली पोल कुछ दिन पहले दुर्ग पुलिस के आला अधिकारियों ने यह दावा किया था कि त्योहारों से पहले निगरानी शुदा बदमाशों को पकड़ेंगे। लेकिन, जिस तरह इस वीडियो में निगरानी बदमाश खुलेआम नवरात्रि के त्यौहार में हथियार लेकर नाच रहे हैं, इसने पुलिस अफसरों के दावे की पोल खोल दी है। अब एडिशनल एसपी संजय ध्रुव फिर जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार करने का दावा कर रहे हैं।
VVIP जिला होने के बाद भी यह हाल दुर्ग जिला राज्य के VVIP जिलों में शुमार है। यह जिला मुख्यमंत्री और गृहमंत्री दोनों का क्षेत्र है। इस जिले में बेहतर पुलिसिंग हो इसके लिए छह महीने में चार SP भी बदले जा चुके हैं। इसके बाद भी यहां की कानून व्यवस्था ऐसी है की आपराधिक तत्व खुलेआम हथियार लेकर घूम रहे हैं।